Search News

UP Budget 2026-27: सर्वांगीण विकास की दिशा में प्रदेश अग्रसर – सुरेश खन्ना

UP Budget 2026-27: Finance Minister Suresh Khanna highlights 13.4% GSDP growth, rising per capita income, major industrial investments, employment generation, and Uttar Pradesh’s emergence as India’s largest mobile manufacturing hub.
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Admin
  • Updated: February 11, 2026

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए कहा कि राज्य सरकार की नीतियों के परिणामस्वरूप प्रदेश सर्वांगीण विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के पिछले और वर्तमान कार्यकाल में कानून-व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, आधारभूत संरचना के विस्तार, औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन, महिला सशक्तीकरण, युवा कौशल विकास, किसानों की आय वृद्धि और गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई हैं।

वित्त मंत्री ने बताया कि वर्ष 2024-25 के त्वरित अनुमानों के अनुसार प्रदेश की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) 30.25 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 13.4 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 1,09,844 रुपये आंकी गई है, जो वर्ष 2016-17 की 54,564 रुपये की तुलना में दोगुने से अधिक है। वर्ष 2025-26 में प्रति व्यक्ति आय 1,20,000 रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।

उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार करीब 6 करोड़ लोगों को बहुआयामी गरीबी से बाहर निकालने में सफल रही है, जबकि बेरोजगारी दर घटकर 2.24 प्रतिशत पर आ गई है। एसडीजी इंडिया इंडेक्स में भी उत्तर प्रदेश की रैंकिंग वर्ष 2018-19 के 29वें स्थान से सुधरकर वर्ष 2023-24 में 18वें स्थान पर पहुंच गई है।

औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में उपलब्धियों का जिक्र करते हुए सुरेश खन्ना ने बताया कि फरवरी 2024 में आयोजित चौथे ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में लगभग 50 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हस्ताक्षरित हुए हैं, जिनसे करीब 10 लाख रोजगार सृजन की संभावना है। इनमें से करीब 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश से जुड़ी 16 हजार से अधिक परियोजनाओं के लिए चार ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह आयोजित किए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा मोबाइल फोन विनिर्माण केंद्र बन गया है और देश के कुल मोबाइल उत्पादन का 65 प्रतिशत हिस्सा प्रदेश में तैयार हो रहा है। साथ ही भारत की 55 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट इकाइयां उत्तर प्रदेश में स्थापित हैं तथा इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 44,744 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

वित्त मंत्री ने कहा कि उद्योग और तकनीक के क्षेत्र में निवेश तथा नवाचार को प्रोत्साहन देने के प्रयासों के चलते उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय स्टार्टअप रैंकिंग में ‘लीडर श्रेणी’ का दर्जा प्राप्त हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट प्रदेश को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाते हुए विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

Breaking News:

Recent News: