UP: 50 हजार का इनामी इब्राहिम गिरफ्तार, छात्रा से की थी सरेआम छेड़खानी, सीसीटीवी में कैद हुई थी शर्मनाक हरकत
नाबालिग छात्रा के साथ सरेआम शर्मनाक हरकत करने के आरोपी इब्राहिम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उस पर 50 हजार का इनाम रखा गया था।
मुगलपुरा पुलिस ने जीआईसी ग्राउंड स्थित खंडहर से 50 हजार के इनामी इब्राहिम को शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एक किशोरी के साथ सरेआम छेड़खानी और अश्लीलता करने के आरोप हैं। आरोपी के पास से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार लालबाग चौकी क्षेत्र क्षेत्र के रहने वाले व्यक्ति ने 14 नवंबर को मुगलपुरा थाने में नवाबपुरा निवासी फर्मकर्मी इब्राहिम के खिलाफ नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 13 वर्षीय किशोरी आठ नवंबर की शाम दुकान से सामान खरीदने के लिए निकली, जिस समय वह गली से गुजर रही थी। छात्रा की साथ की अश्लील हरकत
उसी समय फर्म का 50 वर्षीय कर्मचारी इब्राहिम भी सामने से साइकिल पर सवार होकर आया। आरोपी ने किशोरी को अकेला देखकर साइकिल इस तरह खड़ी की कि किशोरी साइकिल और दीवार के बीच फंस गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ छेड़खानी और अश्लील हरकत की।
इस घटना की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसके बाद पिता ने थाने में शिकायत की। इस मामले में एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुट गई थी।
पहले 25 हजार का था इनाम
गिरफ्तारी नहीं होने पर 16 नवंबर को एसएसपी सतपाल अंतिल ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया। डीआईजी मुनिराज ने इस राशि को बढा़कर 50 हजार कर दिया था। इसके बाद भी आरोपी पुलिस को चकमा दे रहा था।
शनिवार की रात मुगलपुरा थाना प्रभारी केके राणा और लालबाग चौकी प्रभारी ओम शुक्ला की टीम ने सटीक सूचना पर जीआईसी ग्राउंड स्थित खंडहर में मौजूद अरोपी इब्राहिम को गिरफ्तार कर लिया, उसके पास से तमंचा भी बरामद हुआ है।
पुलिस के डर से भागा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि घटना के दिन वह बाजार से घर लौट रहा था। इस बीच सुनसान पाकर किशोरी उसकी नीयत खराब हो गई। उसने किशोरी के साथ अश्लील हरकत की थी। पुलिस तक मामला पहुंचने के बाद वह डर के कारण घर से भाग निकला।
घर वालों से मिलने के लिए वह आया था। जीआईसी के खंडहर में छिपकर इंतजार कर रहा था। इस बीच पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया।
