नई दिल्ली। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में प्रस्तावित ग्रुप मैच को लेकर विवाद और गहरा गया है। पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में भाग लेने की पुष्टि तो की है, लेकिन भारत के खिलाफ इस मुकाबले में खेलने से इनकार कर दिया है।
इस पूरे मामले पर बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में बोर्ड की स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि इस विषय पर बीसीसीआई का कोई अलग रुख नहीं है और बोर्ड पूरी तरह आईसीसी के निर्णय का पालन करेगा। उन्होंने दो टूक कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद जो भी फैसला लेगी, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से बाहर कर दिया गया। इसके बाद बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में मैच खेलने से इनकार कर दिया और टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया। इसी के बाद पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ मैच न खेलने का ऐलान कर दिया।
आईसीसी इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले को कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में हाल ही में लाहौर में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के साथ बैठक भी हुई, लेकिन अब तक कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है। भारत-पाकिस्तान का मैच क्रिकेट प्रेमियों के लिए हमेशा सबसे बड़ा आकर्षण रहा है, लेकिन मौजूदा राजनीतिक और कूटनीतिक हालात के चलते इस पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं।
अब सभी की निगाहें आईसीसी पर टिकी हैं कि वह इस जटिल स्थिति का क्या समाधान निकालती है और क्या टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान का यह हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा या नहीं।
