Search News

दिल्ली मेट्रो ने मैपल्स मैपमाईइंडिया के साथ किया समझौता

नई दिल्ली
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: October 31, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।

मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने शुक्रवार को देश की अग्रणी स्वदेशी डिजिटल नक्शा और भू-स्थान प्रौद्योगिकी कंपनी मैपल्स मैपमाईइंडिया के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया। इस करार के तहत अब दिल्ली मेट्रो का समस्त आंकड़ा (डेटा) मैपल्स मोबाइल ऐप में जोड़ा जाएगा। जिससे यात्रियों को मेट्रो से जुड़ी तमाम जानकारी उनके मोबाइल पर ही उपलब्ध होगी। समझौते के अनुसार, मेट्रो का रियल-टाइम डेटा जैसे नजदीकी स्टेशन, मार्ग, किराया, ट्रेन की आवृत्ति, यात्रा समय और लाइन परिवर्तन जैसी सभी सूचनाएं अब सीधे मैपल्स ऐप पर उपलब्ध होंगी। इससे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के यात्रियों की यात्रा और भी सरल, तेज़ और सुविधाजनक हो जाएगी। दिल्ली मेट्रो के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने कहा करीब 3.5 करोड़ से अधिक ऐप उपयोगकर्ता अब घर बैठे दिल्ली मेट्रो की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। डॉ. विकास कुमार के अनुसार दिल्ली मेट्रो यात्रियों की सुविधा के लिए निरंतर तकनीकी नवाचार को अपनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मैपल्स ऐप के साथ हमारे आंकड़ों का समावेश (इंटीग्रेशन) यात्रा को और अधिक सहज, समयबद्ध और स्मार्ट बनाएगा। अब यात्री आसानी से अपनी यात्रा की योजना बना सकेंगे, मार्ग समझ पाएंगे और समय की बचत करेंगे। यह सहयोग एक सुरक्षित और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं मैपमाईइंडिया के सह-संस्थापक और समूह अध्यक्ष राकेश वर्मा ने कहा “जल्द ही दिल्ली मेट्रो का डेटा हमारे मल्टी-मोडल यातायात सुविधा में शामिल होगा। जिससे एनसीआर क्षेत्र में यात्रा और तेज़, स्मार्ट तथा सरल होगी। यह समझौता हाल ही में भारतीय रेल और मैपमाईइंडिया के बीच हुए करार के बाद एक और मजबूत कदम है। हमें गर्व है कि देश की सर्वोच्च संस्थाएं हमें भारत की प्रमुख स्थान-प्रौद्योगिकी कंपनी के रूप में मान्यता दे रही हैं। हमारा उद्देश्य ‘आत्मनिर्भर विकसित भारत’ के सपने को स्वदेशी तकनीक से साकार करना है।”

नागरिकों को मिलेगा और भी लाभ

-यह पहल सिर्फ मेट्रो तक सीमित नहीं रहेगी। मैपल्स ऐप के यातायात और नागरिक सहभागिता मंच (पब्लिक एंगेजमेंट प्लेटफॉर्म) के ज़रिए नागरिक अब अपने नजदीकी सरकारी सेवाओं की जानकारी पा सकेंगे। इसके अलावा सड़क जाम, दुर्घटना, पार्किंग समस्या या जलभराव जैसी स्थितियों की सूचना सीधे संबंधित विभागों को भेज सकेंगे। इतना ही नहीं अपनी यात्रा के लिए सर्वोत्तम मार्ग और अनुमानित समय भी लाेग देख सकेंगे। इन सूचनाओं को तुरंत संबंधित प्रशासनिक विभागों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे तेज़ प्रतिक्रिया और बेहतर यातायात प्रबंधन संभव होगा।

सुरक्षा और सुविधा दोनों में सुधार

यह मंच (प्लेटफॉर्म) सार्वजनिक सुरक्षा को भी मजबूत करेगा। नागरिकों को सड़क दुर्घटनाओं, जाम या आपात स्थिति की जानकारी समय पर मिलेगी। जिससे आपात सेवाओं की प्रतिक्रिया और तेज होगी तथा दिल्ली-एनसीआर की सड़कें अधिक सुरक्षित बनेंगी।
 

Breaking News:

Recent News: