कैनविज टाइम्स,डिजिटल डेस्क। हाल ही में दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों की प्रवेश पर रोक लगाने के बाद, पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी धरने पर बैठ गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सभी सीमाएं पार कर दी हैं। इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने AAP की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर रोक लगा दी थी, जिसके विरोध में संजय सिंह धरने पर बैठ गए थे।
सदन में भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने बलिदानी भगत सिंह और बाबा साहेब के चित्रों पर की जा रही राजनीति का मुद्दा उठाया। उन्होंने अपने इलाके मालवीय नगर में आप सरकार के दौरान क्षतिग्रस्त हुई भगत सिंह की प्रतिमा का मुद्दा उठाया।
विधायक मोहन सिंह ने मुस्तफाबाद में आ रहे गंदे पानी की समस्या का मुद्दा उठाया। कहा कि उनके इलाके में पानी की जो पाइप लाइनें डाली गई हैं वे क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। गंदे पाने से जनता परेशान है। आरके पुरम से विधायक अनिल शर्मा ने भी अपने इलाके में आ रहे गंदे पानी की समस्या को उठाया और सीवर जाम के बारे में भी सदन में बताया। कहा कि हमारे इलाके में चार गांव पड़ते हैं उनमें सीवर जाम है। कहा कि सत्य निकेतन जैसी कॉलोनी में भी यह समस्या आ रही है।