नगर पालिका परिषद पीलीभीत की बोर्ड बैठक में विकास व आयवर्धन से जुड़े अहम प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
पीलीभीत।
नगर पालिका परिषद पीलीभीत की मासिक बोर्ड बैठक का आयोजन 29 दिसंबर 2025 को नगर पालिका कार्यालय कक्ष में किया गया। बैठक की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने की, जबकि अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार की मौजूदगी में दोपहर 4 बजे बैठक प्रारंभ हुई।
बैठक में नगर के विकास एवं प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। एजेंडे में विशेष रूप से नगर की सफाई व्यवस्था, जलापूर्ति, पथ प्रकाश, कर निर्धारण, निर्माण कार्यों की प्रगति सहित अन्य जनहितकारी विषय शामिल रहे। इसके साथ ही नगर में नल के नए बोरिंग एवं री-बोरिंग, वार्डों में सड़कों व नालियों की मरम्मत कराए जाने के प्रस्तावों पर भी सहमति बनी।
पालिका की आय बढ़ाने को लेकर अहम प्रस्ताव पारित
बैठक के दौरान पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल द्वारा नगर पालिका की आय बढ़ाने से संबंधित एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव सदन के समक्ष रखा गया। प्रस्ताव के तहत नकटा दाना चौराहा स्थित अधिशासी अधिकारी आवास की भूमि, जिसे पूर्व में समाजवादी पार्टी कार्यालय से कब्जा मुक्त कराया गया था, तथा दुर्गा मंदिर रोड स्थित पालिका की भूमि—जहाँ वर्तमान में नलकूप आदि स्थापित हैं—दोनों खाली पड़ी संपत्तियों पर दुकानें निर्माण कर किराये पर देने का सुझाव दिया गया।
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि जनहित एवं पालिकाहित को ध्यान में रखते हुए इन संपत्तियों पर दुकानें बनाकर उनका एलॉटमेंट के माध्यम से किराया उठाया जाना चाहिए, जिससे नगर के विकास को गति मिलेगी और पालिका की आय में स्थायी वृद्धि होगी। उन्होंने यह भी कहा कि सीमित बजट की स्थिति को देखते हुए शासन की किसी योजना अथवा पीपीपी मॉडल (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) के तहत दुकानों का निर्माण कर नियमानुसार किराये पर दिया जा सकता है।
प्रस्ताव पर सभी सभासदों ने सकारात्मक विचार रखते हुए इसे नगरहित में आवश्यक बताया। विस्तृत चर्चा के बाद बोर्ड बैठक में उक्त प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
विकास से सुदृढ़ होगी पालिका की आर्थिक स्थिति
पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने कहा कि इन प्रस्तावों के क्रियान्वयन से नगर में व्यवस्थित विकास होगा और नगर पालिका परिषद की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, जिससे भविष्य में और अधिक जनकल्याणकारी कार्य कराए जा सकेंगे।
बैठक में सभासद गोकुल प्रसाद मौर्य, साकेत सक्सेना, वतनदीप मिश्रा, विपिन कुमार राजू फौजी, निर्मल सिंह टीटू, अनस अंसारी, राशिद हुसैन, मो. शरीफ, निज़ाक़त अली कादरी, इकबाल हजरत, शैलेंद्र कौर, शबनम, जाहिदा बी, शिखा वर्मा, पुष्पा उपाध्याय, रत्ना शुक्ला, मेहनाज बेगम, पल्लवी, श्यामलता, उषा देवी, एहतश्याम वली खां, सुरेश लोधी, राजेंद्र भारती, शिवम श्रीवास्तव, चैतन्य गंगवार सहित राज्यमंत्री के नगर पालिका प्रतिनिधि राकेश सिंह मौजूद रहे।
