कैनविज टाइम्स,डिजिटल डेस्क। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अब 'कम्युनल पॉलिटिक्स' पर उतर आई है और वक्फ से संबंधित जो नया कानून भाजपा लेकर आई है, वह उसके लिए 'करारी हार' साबित होगा।
अखिलेश यादव पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, "भाजपा सरकार ने जो 'ज़ीरो टॉलरेंस' का नारा दिया था, वह अब 'ज़ीरो' हो गया है। पुलिस अब अपहरण करके फिरौती की मांग कर रही है और प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। लोग न्याय के लिए तरस रहे हैं, लेकिन सिर्फ भाजपा के लोग ही न्याय से वंचित नहीं हो रहे हैं।"
अखिलेश ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलता का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, "प्रदेश में दलालों के माध्यम से आईएएस अधिकारियों के लेन-देन के मामले सामने आ रहे हैं। जब बंटवारे को लेकर झगड़ा हुआ, तब इन मामलों का पोल खुला। जो लोग प्रदेश में निवेश लाने की बात करते थे, वही अब विनाश लेकर आए हैं।"
सपा अध्यक्ष ने आरक्षण में भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा, "जो 80-20 का नारा दिया गया, वह अब जनता के बीच भ्रम पैदा कर रहा है। हमें यह पूछना है कि हम 80 में आते हैं या 20 में। सरकार बताए कि वह किस वर्ग को आरक्षण दे रही है। सरकार न तो आरक्षण दे पाई है, न निवेश ला पाई है और अब टैरिफ का मुद्दा उठाया जा रहा है। सरकार को यह बताना चाहिए कि हमारी अर्थव्यवस्था कहां खड़ी है।"
अखिलेश यादव ने प्रदेश में गौशालाओं की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “गौशालाओं में गोवंश मर रहे हैं, लेकिन सरकार इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।” इस दौरान अखिलेश यादव ने महर्षि कश्यप, निषादराज और सम्राट अशोक के चित्र पर माल्यार्पण किया और अंबेडकर नगर की बहादुरी से चर्चित बच्ची अनन्या यादव को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव, सांसद लालजी वर्मा और अन्य पार्टी नेता भी मौजूद थे।