सीतापुर रोड स्थित विद्यालय में चारों सदनों के विद्यार्थियों ने सजाए आकर्षक स्टॉल, अभिभावकों ने भी उठाया लज़ीज़ व्यंजनों और लकी ड्रॉ का आनंद
लखनऊ। सीतापुर रोड स्थित महर्षि विद्या मंदिर में शनिवार को भव्य फूड फिएस्टा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक श्री अनूप श्रीवास्तव और प्रधानाचार्य श्रीमती नीलम सिंह ने दीप प्रज्वलित कर तथा फीता काटकर किया।
विद्यालय के चारों सदनों, भारद्वाज, गौतम, वशिष्ठ और विश्वामित्र, के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए अपने-अपने स्टॉल बेहद आकर्षक ढंग से सजाए थे। लज़ीज़ व्यंजनों के साथ-साथ कई मनोरंजक स्टॉल भी मेले का मुख्य आकर्षण रहे, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया।
विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक भी मेले में पहुंचे। उन्होंने व्यंजनों का स्वाद लिया और जमकर खरीदारी भी की।
कार्यक्रम का सबसे रोमांचक क्षण समापन पर आयोजित लकी ड्रॉ रहा, जिसमें बच्चों और अभिभावकों का उत्साह देखने लायक था। अंत में विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रातः 10:30 बजे शुरू हुआ यह आनंदोत्सव शाम 4:00 बजे हर्षोल्लास और सफलता के साथ संपन्न हुआ। विद्यालय परिवार के सहयोगात्मक प्रयासों से आयोजित यह मेला सभी के लिए यादगार अनुभव बन गया।
