लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। कानपुर मेट्रो ने ऊर्जा संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय राष्ट्रीय उपलब्धि दर्ज की है। ऊर्जा दक्षता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आईआईटी कानपुर मेट्रो स्टेशन को राष्ट्रपति की उपस्थिति में सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट प्रदान किया गया है। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में केंद्रीय विद्युत और आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार को यह पुरस्कार प्रदान किया। राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार ऊर्जा मंत्रालय के अधीन ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी द्वारा प्रदान किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य ऊर्जा खपत में कमी लाने तथा ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देने वाले संस्थानों और प्रतिष्ठानों को प्रोत्साहित करना है। इससे पूर्व वर्ष 2019 एवं 2021 में यूपीएमआरसी के लखनऊ मेट्रो को मेट्रो रेलवे सेक्टर में प्रथम पुरस्कार एवं सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट से सम्मानित किया जा चुका है। कानपुर मेट्रो के आईआईटी कानपुर स्टेशन को यह पुरस्कार मेट्रो परिचालन के दौरान ऊर्जा खपत में कमी लाने और सर्वश्रेष्ठ ऊर्जा दक्ष प्रयासों के लिए दिया गया है।
