लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। सोमवार को इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान के मून हाल में संचालित नागरिक सुरक्षा संगठन के वार्डेन क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के तृतीय बैच के प्रशिक्षण का शुभारम्भ हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि महेंद्र पाल सिंह, अपर जिलाधिकारी पूर्वी, लखनऊ रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि महेंद्र पाल सिंह(पीसीएस) एवं चीफ वार्डेन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। चीफ वार्डेन अमरनाथ मिश्र ने स्वयंसेवकों को सम्बोधित करते हुए बताया कि ट्रेनिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया प्रशिक्षण किसी भी संगठन की कार्यक्षमता, अनुशासन एवं दक्षता को सुदृढ़ करने का एक अनिवार्य माध्यम है। इसके माध्यम से स्वयंसेवकों को उनके दायित्वों, अधिकारों एवं कार्यप्रणाली की समुचित जानकारी प्रदान की जाती है, जिससे वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन अधिक प्रभावी, समयबद्ध एवं उत्तरदायित्वपूर्ण ढंग से कर सकें। प्रशिक्षण से न केवल व्यावहारिक ज्ञान एवं तकनीकी कौशल का विकास होता है, बल्कि आपात परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने, समन्वय स्थापित करने तथा संसाधनों के समुचित उपयोग की क्षमता भी विकसित होती है। यह प्रतिभागियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं अनुशासन को प्रोत्साहित करता है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महेन्द्र पाल सिंह द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहें प्रशिक्षु को सम्बोधित करते हुए बताया कि प्रशिक्षण किसी विशेषज्ञा द्वारा दिया जाता है जिस तरह से क्लास में बच्चे पढ़ते हैं उसी तरीके से ट्रेनर के द्वारा आप लोगों के कार्यक्षमता बढ़ाने को बताया जाता है हर उम्र में प्रशिक्षण का विशेष महत्व होता है, नागरिक सुरक्षा के संदर्भ में प्रशिक्षण का विशेष महत्व है, क्योंकि प्रशिक्षित स्वयंसेवक ही आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्य, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रशासन को सहयोग प्रदान करने में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से शासन एवं प्रशासन की योजनाओं एवं निर्देशों का क्रियान्वयन सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जा सकता है।

