कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बिहार के मधुबनी और बरारी में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए राज्य के विकास और सुशासन की दिशा में एनडीए सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि “जिस बिहार को एनडीए सरकार ने विकास की गंगा से सींचा है, वही बिहार अब पूर्ण बहुमत से और अधिक मजबूत होगा। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बीते वर्षों में एनडीए की सरकार ने बिहार को नई पहचान दी है, सड़कें बनीं, बिजली पहुंची, स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हुईं और गरीबों के जीवन में बदलाव आया। उन्होंने कहा कि एनडीए ने विकास को हर गांव, हर जिले तक पहुंचाने का काम किया है। मोदी ने मधुबनी और बरारी के लोगों से अपील करते हुए कहा, “आपका एक-एक वोट बिहार के उज्जवल भविष्य को तय करेगा। एनडीए को पूर्ण बहुमत दिलाएं, ताकि विकास की गति और तेज हो सके। प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों ने बिहार को अंधकार में धकेला था, लेकिन एनडीए ने इसे नए युग की ओर बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि आज बिहार में हर क्षेत्र में बदलाव दिख रहा है, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में राज्य आगे बढ़ रहा है। सभा में भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने ‘फिर एक बार, मोदी सरकार’ के नारे लगाए। प्रधानमंत्री ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार की यह ऊर्जा और विश्वास बताता है कि राज्य अब फिर से एनडीए सरकार बनाने के लिए तैयार है।



