Search News

वैभव सूर्यवंशी ने 36 गेंद में लगाया शतक, यूसुफ पठान का रिकॉर्ड तोड़ा, रिकॉर्ड 15 छक्के जड़े

14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 36 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Admin
  • Updated: December 24, 2025

वैभव सूर्यवंशी ने 36 गेंद में लगाया शतक, यूसुफ पठान का रिकॉर्ड तोड़ा, रिकॉर्ड 15 छक्के जड़े

14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 36 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। यह लिस्ट-ए क्रिकेट में किसी भारतीय का दूसरा सबसे तेज शतक है। एशिया कप फाइनल की निराशा के कुछ दिन बाद आई यह पारी उनके आत्मविश्वास और प्रतिभा का बड़ा प्रमाण बनी। वैभव सूर्यवंशी भारत की सीनियर टीम के दरवाजे पर जोरदार दस्तक दे रहे हैं। महज 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी में ऐसा धमाका किया कि विराट कोहली और रोहित शर्मा की घरेलू क्रिकेट में वापसी के बीच भी सारी सुर्खियां उन्हीं के नाम रहीं। बिहार की ओर से खेलते हुए वैभव ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सिर्फ 36 गेंदों में तूफानी शतक जड़ दिया, जो लिस्ट-ए क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज का दूसरा सबसे तेज शतक है। कुछ दिन पहले ही अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी का दिन खास नहीं रहा था। बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए वह 10 गेंदों पर 26 रन बनाकर आउट हो गए थे। इसके बाद भारतीय टीम का पतन शुरू हुआ और मैच हाथ से निकल गया। उस मुकाबले में पाकिस्तानी गेंदबाज अली रजा के साथ उनकी तीखी नोकझोंक और मैदान पर दिखी झुंझलाहट को लेकर भी उनकी आलोचना हुई थी, लेकिन विजय हजारे ट्रॉफी में यह शतक उसी आलोचना का करारा जवाब साबित हुआ। वैभव सूर्यवंशी का यह शतक भारत की ओर से लिस्ट-ए क्रिकेट में दूसरा सबसे तेज शतक है। उनसे तेज शतक सिर्फ अनमोलप्रीत सिंह ने लगाया है, जिन्होंने 2024 में पंजाब के लिए 35 गेंदों में शतक जड़ा था।

भारत के सबसे तेज लिस्ट-ए शतक

बल्लेबाजटीमगेंदों की संख्या
अनमोलप्रीत सिंहपंजाब35 गेंद
वैभव सूर्यवंशीबिहार36 गेंद
यूसुफ पठानबड़ौदा40 गेंद
उर्विल पटेलगुजरात41 गेंद
अभिषेक शर्मापंजाब42 गेंद

 

इस पारी में वैभव ने 15 छक्के लगाए और विजय हजारे ट्रॉफी की एक पारी में दूसरे सबसे ज्यादा छक्के लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इससे पहले 2022 में नारायण जगदीशन ने भी अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ ही 15 छक्के जड़े थे। आलोचना से आत्मविश्वास तक का सफर
एशिया कप में असफलता के बावजूद वैभव सूर्यवंशी ने पूरे टूर्नामेंट में 261 रन बनाए थे, जो उनकी निरंतरता को दिखाता है। विजय हजारे ट्रॉफी की यह पारी यह साबित करती है कि उम्र भले ही कम हो, लेकिन आत्मविश्वास और प्रतिभा किसी भी बड़े मंच पर असर छोड़ सकती है। 2025 में सातवां शतक, शानदार निरंतरता
यह सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में तीसरा शतक रहा। इससे पहले वह इंग्लैंड में और फिर अंडर-19 एशिया कप में भी एक शतक जमा चुके हैं। 2025 में यह उनका सातवां शतक है, जो उनकी जबरदस्त निरंतरता को दर्शाता है। हाल ही में सूर्यवंशी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में महाराष्ट्र के खिलाफ अपना पहला टी20 शतक जड़ा। उन्होंने सिर्फ 57 गेंदों में 108 रन* बनाए, जिसमें सात छक्के और सात चौके शामिल थे। वहीं, अंडर-19 एशिया कप में उन्होंने 95 गेंदों में 171 रन की पारी खेली और इस पारी में नौ चौके और 14 छक्के लगाए थे। राइजिंग स्टार्स और IPL में भी जबरदस्त प्रदर्शन
इसी साल दोहा में हुए राइजिंग स्टार्स एशिया कप में वह भारत ए टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ी थे। भले ही भारत सेमीफाइनल हार गया, लेकिन वैभव ने टूर्नामेंट में 239 रन बनाए, जिसमें यूएई के खिलाफ 32 गेंदों में शतक भी शामिल था। सिर्फ 12 साल की उम्र में रणजी डेब्यू करने वाले वैभव ने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए भी देशभर में सुर्खियां बटोरीं। अपने पहले IPL सीजन में उन्होंने 206.55 का स्ट्राइक रेट बनाए रखा और गुजरात टाइटंस के खिलाफ 38 गेंदों में 101 रन जड़कर आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बनाया और सबसे कम उम्र के आईपीएल शतकवीर बन गए थे। उन्होंने सबसे तेज आईपीएल शतक लगाने वाले भारतीय के मामले में यूसुफ पठान का रिकॉर्ड तोड़ा था। वैभव ने 35 गेंद पर शतक पूरा किया, जबकि यूसुफ ने 2010 में  37 गेंदों में शतक जड़ा था। 
 

Breaking News:

Recent News: