Search News

श्वेत कोट समारोह एवं चरक शपथ ग्रहण कार्यक्रम

पीलीभीत
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: November 6, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।

स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, पीलीभीत में आज नवप्रवेशित एम.बी.बी.एस. विद्यार्थियों के लिए श्वेत कोट समारोह एवं चरक शपथ ग्रहण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह का उद्देश्य भावी चिकित्सकों में सेवा भावना, नैतिक मूल्यों एवं कर्तव्यनिष्ठा की भावना को जागृत करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि श्वेत कोट केवल एक परिधान नहीं, बल्कि यह चिकित्सा व्यवसाय की मर्यादा, अनुशासन और मानव सेवा का प्रतीक है।फ़ोरेंसिक मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. पी.सी. श्रीवास्तव ने कहा कि यह दिन विद्यार्थियों के जीवन में सेवा, संवेदना और उत्तरदायित्व के नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक है।एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह ने चरक शपथ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक चिकित्सक का प्रथम कर्तव्य रोगी के प्रति करुणा, सहानुभूति और समर्पण होना चाहिए। उप प्राचार्य एवं सामुदायिक चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण सिंह ने विद्यार्थियों को चरक शपथ का वाचन कराते हुए ईमानदारी, निस्वार्थता और मानवीय मूल्यों का पालन करने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने कहा कि एक सफल चिकित्सक वही होता है जो अपने प्रत्येक मरीज के साथ धैर्य, समझ और संवेदना रखता है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमाकांत सागर ने विद्यार्थियों को समाज के स्वास्थ्य संवर्धन हेतु समर्पित भाव से कार्य करने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि ईश्वर प्रत्येक मनुष्य के हृदय में निवास करते हैं, और जब चिकित्सक किसी रोगी की सेवा करता है, तो वह वास्तव में ईश्वर की ही सेवा करता है। कार्यक्रम के अंत में बायोकैमिस्ट्री विभागाध्यक्ष डॉ. शिखा सक्सेना ने सभी अतिथियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान एवं समूह फोटोग्राफ के साथ हुआ।कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन में फर्स्ट प्रोफ के विभागाध्यक्षों एवं संकाय सदस्यों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों — हर्षित, अर्शी नाज़, दिव्या वर्मा, दिव्या सागर, अंकित माथुर, अभिषेक सिंह, आदित्य कुमार, अनम्ता अनीस, अभिलाषा पंवार, जानवी, श्रेया तिवारी, झलक, महक, समीक्षा पटेल, प्रखर पटेल, विनय अत्री एवं किरण ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, दीप प्रज्ज्वलन, शपथ वाचन एवं धन्यवाद ज्ञापन में सक्रिय भूमिका निभाई। यह समारोह नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं भावनात्मक क्षण सिद्ध हुआ, जिसने उन्हें चिकित्सा सेवा के उच्च आदर्शों एवं मानवीय मूल्यों का संकल्प दिलाया।

Breaking News:

Recent News: