Search News

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर में प्रतिदिन जनरल सर्जरी व ऑर्थोपेडिक सर्जरी की सुविधा

वाराणसी
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: December 8, 2025

उत्तर प्रदेश के वाराणसी के चोलापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शासन की मंशा के अनुरूप अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा अब 24 घंटे सातो दिन उपलब्ध है। केन्द्र में अब मरीजों को 24 घंटे इलाज, भर्ती, ऑपरेशन व जांच की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत टोकन सिस्टम से पंजीकरण की व्यवस्था भी लागू है। केन्द्र में अब तक 1.50 लाख से अधिक मरीजों का ओपीडी में नि:शुल्क उपचार, 10 हजार से ज्यादा मरीजों को भर्ती उपचार, तथा 5 हजार से अधिक मरीजों को रात की इमरजेंसी सेवा दी जा चुकी है। इस उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सीएचसी चोलापुर को राष्ट्रीय स्तर का एनक्वास पुरस्कार तथा प्रदेश स्तर पर नौ बार कायाकल्प सम्मान प्राप्त हो चुका है। यह जानकारी के अधीक्षक डॉ आर.बी. यादव ने दी। उन्होंने बताया कि सीएचसी में प्रतिदिन जनरल सर्जरी व ऑर्थोपेडिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा महिला व पुरुष नसबंदी,हाइड्रोसील, गॉलब्लैडर स्टोन आदि के ऑपरेशन,सी–आर्म मशीन से हड्डियों की सभी जटिल सर्जरी की जा रही है। उन्होंने बताया ​कि सीएचसी चोलापुर हाई रिस्क प्रेगनेंसी में सिजेरियन प्रसव प्रदान करने में प्रदेश में अग्रणी है। यहां पर प्रतिदिन स्त्री रोग विशेषज्ञ उपलब्ध है । जिनके द्वारा सुरक्षित प्रसव, जटिल प्रसव कराते जा रहे हैं। सीएचसी पर निःशुल्क दवाएं, मातृत्व सेवाएं नवजात एवं बाल स्वास्थ्य सेवाएं, न्यूबॉर्न स्टेबलाइजिंग यूनिट, टीकाकरण, नवजात देखभाल, पोषण परामर्श,वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञों की सेवाएं प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक मशीनों से 64 तरह की नि:शुल्क जांचें डिजिटल एक्स-रे,अल्ट्रासाउंड आधुनिक पैथोलॉजी, लिवर, किडनी, थायराइड, कोलेस्ट्रॉल, मलेरिया, डेंगू, टाइफाइड, टीबी, मेनिन्जाइटिस आदि सभी जांचें की जा रही है। इसके अलावा हड्डी, जोड़ों, नसों और पुराने दर्द का आधुनिक मशीनों द्वारा उपचार किया जा रहा है। इसका फायदा हजारों मरीज उठा रहे है। केन्द्र में सभी ग्रुप के ब्लड की निरंतर उपलब्धता, आपात स्थिति में तुरंत ट्रांसफ्यूजन की व्यवस्था,हृदयाघात (हार्ट अटैक) में त्वरित उपचार की व्यवस्था उपलब्ध है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर स्पोक सेंटर के रूप में कार्यरत है। जहां पर सातो दिन ईसीजी सुविधा, हार्ट अटैक की तुरंत पहचान करने संबंधी सेवाएं दी जा रही हैं। इसके अन्तर्गत लगभग 50,000 रूपये मूल्य का निःशुल्क जीवनरक्षक इंजेक्शन लगाकर अब तक 12 से अधिक हृदयाघात के मरीजों की जान बचाई जा चुकी है।ओपीडी व इमरजेंसी सेवाएं सीएचसी में ओपीडी का समय सोमवार से शनिवार, सुबह 8:00 से दोपहर 2:00 बजे तक है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाओं में हड्डी रोग, महिला रोग, शिशु रोग, फिजिशियन, हृदय एवं मधुमेह विशेषज्ञ, दंत जांच, आंखों की जांच, कैंसर स्क्रीनिंग, एंटी-रेबीज वैक्सीन, ईसीजी,बीपी, शुगर व अन्य रूटीन जांचों की व्यवस्था है। केन्द्र से गंभीर मरीजों को ही उच्च संस्थान रेफर किया जाता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि केन्द्र में 30 बेड से बढ़ाकर अब 100 बेड की सुविधा की जा रही है। 50 बेड पर भर्ती सेवाएं शुरू है,शेष 50 बेड की नई बिल्डिंग जल्द शुरू होगी। आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड व पैथोलॉजी पूरी तरह अद्यतन हैं।

 

Breaking News:

Recent News: