सिविल डिफेंस के जांबाज स्वयंसेवकों ने बचाई अनमोल जान किए गए सम्मानित
लखनऊ। वर्ष 2025 में मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करने वाले सिविल डिफेंस प्रखंड लोहिया नगर के जांबाज स्वयंसेवकों को उनके साहसिक कार्यों के लिए डिवीजनल वार्डन सुनील तिवारी द्वारा सम्मानित किया गया। दिनांक 8 जनवरी 2025 को सुबह दिल्ली से लखनऊ आते समय सिविल डिफेंस लोहिया नगर के डिप्टी डिवीजनल वार्डन डॉ. पंकज कुमार की गाड़ी के आगे चल रही वाहन संख्या एच आर 47 एफ 4599 अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में चार महिलाएं एवं एक चालक सवार थे। दुर्घटना के कारण वाहन के दरवाजे लॉक हो गए।स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए डॉ. पंकज कुमार ने अपने दो साथियों के साथ तत्काल गाड़ी रोककर लॉक शीशे तोड़े और सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें से एक महिला की सांसें रुक चुकी थीं तथा सिर में गंभीर चोट थी। डॉ. पंकज कुमार ने मौके पर ही महिला को सीपीआर देकर उसकी जान बचाई। अत्यधिक रक्तस्राव को रोकने के लिए महिला के स्टॉल से सिर को कसकर बांधा गया तथा तत्पश्चात एंबुलेंस के माध्यम से निकटवर्ती अस्पताल भिजवाया गया, जिससे पीड़िता की जान बच सकी।दूसरी घटना दिनांक 6 दिसंबर 2025 को सिविल डिफेंस प्रखंड लोहिया नगर के जांबाज स्वयंसेवक विनय कुमार मौर्य ने त्वरित सूझबूझ दिखाते हुए एक अजनबी व्यक्ति की जान बचाई। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र स्थित आशियाना के श्रेया आयुर्वेद पंचकर्म चिकित्सालय में दवा लेने आए राजेंद्र मणि त्रिपाठी का अचानक रक्तचाप अत्यधिक कम हो गया जिससे वे गिर पड़े और उनकी सांसें थम गईं।मौके पर मौजूद सेक्टर वार्डन विनय कुमार मौर्य ने बिना विलंब सीपीआर देना प्रारंभ किया। लगभग 5–7 मिनट के प्रयास के बाद पीड़ित की सांसें पुनः चलने लगीं। रक्तचाप 80/50 पाया गया। इसके बाद उन्हें उनके पुत्र के साथ अंजता अस्पताल भेजा गया। उपस्थित लोगों ने विनय कुमार की तत्परता और साहस की भूरि-भूरि प्रशंसा की। विनय कुमार ने बताया कि सिविल डिफेंस प्रशिक्षण के दौरान सीपीआर का जो अभ्यास कराया गया था वही आज समय पर काम आया और एक बड़ी अनहोनी टल गई।इन दोनों साहसिक एवं प्रशंसनीय कार्यों के लिए प्रखंड लोहिया नगर के डिवीजनल वार्डन श्री सुनील कुमार तिवारी द्वारा डॉ. पंकज कुमार एवं विनय कुमार मौर्य को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर स्टाफ ऑफिसर कमलेश सिंह, सेक्टर वार्डन सरोज शर्मा, किरण पुरस्कर, सीमा आनंद, अनुज शर्मा, सनत कुमार, डॉ. सी. एल. वर्मा, विमल कुमार, राहुल मिश्रा, दीपक वर्मा, फायर फाइटर अनिल कुमार वर्मा, समीर खान, हिसार अहमद, राहुल, सुरजीत कश्यप, दिनेश गुप्ता सहित अनेक वार्डन उपस्थित रहे।सभी ने दोनों स्वयंसेवकों को उनके साहस मानवता और कर्तव्यपरायणता के लिए बधाई दी।
