Search News

स्वास्थ्य ही है सबसे बड़ा धन : आनंदीबेन पटेल

लखनऊ
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: November 7, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को राजभवन परिसर में “आनंदा फिजियोथैरेपी एवं उपचार केंद्र” का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र के विभिन्न कक्षों का अवलोकन एवं निरीक्षण किया तथा संबंधित चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। राज्यपाल ने व्यायाम कक्ष, ई.एम.एस. कक्ष, डायथर्मी कक्ष आदि का अवलोकन करते हुए एक हेल्थ चार्ट तैयार करने एवं कैलेंडर आधारित उपचार पद्धति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को यह जानकारी होनी चाहिए कि यदि स्वस्थ रहना है तो किन आदतों को अपनाना और किन्हें त्यागना आवश्यक है। राज्यपाल ने राजभवन के अधिकारियों एवं कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि “स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है”। उन्होंने कहा कि हमें अपने खानपान पर विशेष ध्यान देना चाहिए, बाजारू वस्तुओं और फास्ट फूड से परहेज़ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्वस्थ आहार हमें बीमार करता है, जिससे दवाइयों की आवश्यकता बढ़ती है और अनावश्यक आर्थिक व्यय होता है। उन्होंने प्रेरणादायक भाव से कहा कि यदि हम स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें, तो दवा पर खर्च होने वाला धन पौष्टिक भोजन, परिवार और भ्रमण में उपयोग किया जा सकता है। राज्यपाल ने बताया कि आनंदा फिजियोथैरेपी एवं उपचार केंद्र में अत्याधुनिक उपकरण स्थापित किए गए हैं, जो घुटनों, पेट, फैट नियंत्रण और शरीर के पोस्चर सुधार जैसे उपचारों में सहायक होंगे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कार्मिक नियमित रूप से चिकित्सक के परामर्शानुसार उपचार लें और अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें।
 

Breaking News:

Recent News: