हैदराबाद से लखनऊ आ रही एक फ्लाइट में एक यात्री ने जमकर हंगामा किया। उसने ट्रे टेबल तोड़ दी और बवाल करता रहा। फ्लाइट के लैंड होते ही उसे हिरासत में ले लिया गया। हैदराबाद से बुधवार को लखनऊ आ रही इंडिगो फ्लाइट में एक यात्री ने जमकर हंगामा किया। उसने ट्रे टेबल तोड़ दी। क्रू मेंबर ने मना किया तो यात्री तेज आवाज में चिल्लाने लगा। बाद में लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद सीआईएसएफ ने उसे हिरासत में लेकर सरोजनी नगर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के मुताबिक यात्री 10 दिसंबर को दोपहर इंडिगो की फ्लाइट 6E 1422 से शारजाह से हैदराबाद पहुंचा। हैदराबाद एयरपोर्ट पर बैगेज क्लेम क्षेत्र में अपना बैग और मोबाइल वहीं छोड़कर बिना सामान लिए टर्मिनल से बाहर निकल गया। इसके बाद वह दोपहर बाद इंडिगो की फ्लाइट 6E 453 से हैदराबाद से लखनऊ के लिए रवाना हुआ। आरोप है कि विमान के उड़ान भरते ही वह केबिन में तेज आवाज में बात करने लगा, बार-बार सीट से उठकर इधर-उधर घूमता रहा और क्रू द्वारा बार-बार दी जा रही चेतावनी को भी नजरअंदाज करता रहा। बताया जाता है कि गुस्से में उसने अपनी सीट की ट्रे टेबल तोड़ दी, जिससे यात्री सहम गए। स्थिति बिगड़ने पर क्रू मेंबरों ने पायलट को सूचना दी। बाद में फ्लाइट के लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरते ही यात्री को विमान से उतारकर सीआईएसएफ के हवाले कर दिया गया। जहां पूछताछ में उसकी पहचान महाराजगंज जिले के महाराजगंज कोतवाली स्थित बागापार टोला निवासी महेश (20) के रूप में हुई है।
इसके बाद आरोपी यात्री महेश को सरोजनी नगर पुलिस के सुपुर्द करते हुए इंडिगो की ओर से सरोजनीनगर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई। वहीं पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में युवक की मानसिक स्थिति कमजोर प्रतीत हो रही है। पूछताछ के बाद उसे आवश्यक औपचारिकताओं के साथ छोड़ दिया गया।
