इटौंजा थानांतर्गत महोंना में गन्ना लदे ट्रक ने स्कूली छात्र को रौंदा,प्रदर्शन
बीकेटी,लखनऊ
इटौंजा थानांतर्गत पुलिस सहायता केंद्र महोंना के पास इटौंजा कुर्सी मार्ग पर स्कूल से परीक्षा देकर वापस साईकिल से घर जा रहे हैं छात्र को गन्ना लदे ओवरलोड ट्रक ने रौंद दिया,जिससे छात्र ने मौक़े पर ही दम तोड़ दिया और मौक़े पर ही ट्रक ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया,मृतक छात्र के परिजन घटना से आक्रोशित होकर मार्ग को जाम कर दिया और फरार चालक की तुरंत गिरफ्तारी व मुआवजे के लिए विधायक को बुलाने पर अड़ गए।वहीं प्रदर्शन के कारण रोड पर जाम लग जाने के कारण यातायात ठप हो गया और कई किलोमीटर तक वाहनों की लाइनें लग गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहले तो प्रदर्शनकारियों को समझाने बुझाने का प्रयास किया लेकिन जब बात नहीं बनी तो मामला बढ़ता देख स्थिति को संभालने के लिए कई थानों की पुलिस को मौक़े पर बुलाया गया और खुद सहायक पुलिस आयुक्त बीकेटी ऋषभ रूणवाल मौजूद रहें।वही घटना की सूचना पर बीकेटी विधायक योगेश कुमार शुक्ला मौक़े पर पहुंचे और मृतक छात्र के परिजनों को समझा बुझाकर हरसंभव मदद व मुआवजा देने का आश्वासन दिया तब जाकर मृतक छात्र के परिजन प्रदर्शन को ख़त्म किया।प्राप्त जानकारी के अनुसार इटौंजा थानांतर्गत महोंना वार्ड न०10 कसाई टोला निवासी मोहित लोधी का बड़ा बेटा अंश उर्फ़ नंदू(13)वर्ष प्राथमिक विद्यालय महोना में कक्षा-4 का छात्र था वह अपने स्कूल से मंगलवार दोपहर को परीक्षा देकर साइकिल से घर वापस जा रहा था तभी महोना चौराहे के पास बाराबंकी जा रहे गन्ना लदे ट्रक यूपी 43एटी0862 ने छात्र को रौंद दिया जिससे उसकी मौक़े पर ही दर्दनाक मौत हो गई तथा ट्रक ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया था।घटना स्थल पर पहुंचे छात्र के परिजन अक्रोशित होकर सड़क जामकर प्रदर्शन किया,वही क्षेत्रीय विधायक योगेश कुमार शुक्ला ने मौक़े पर पहुंचकर हर संभव मदद व मुआवजे का आश्वासन देकर परिजनों को मनाया जिसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ और मृतक छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
बॉक्स-1
रोड़ कम चौड़ी व सड़क के किनारे पटरी न होना बन रहा हादसों का मुख्य कारण
इटौंजा कुर्सी मार्ग पर प्राइवेट से लेकर कामर्शियल वाहनों का हजारों की संख्या में प्रतिदिन आवागमन होता है तथा छात्र छात्राएं भी साइकिल से स्कूल शिक्षा ग्रहण करने जाते है, लेकिन रोड़ कम चौड़ा तथा रोड़ के किनारे सड़क पटरी न होने के कारण कई बार बड़े हादसे हो चुके है,जिसमें दर्जनों की संख्या में पुरुष से लेकर महिलाओं को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है,लेकिन फिर भी संबंधित विभाग इन समस्याओं के निदान दिलाने में अपनी रुचि नहीं दिखा रहा है,आख़िर कब तक इसी तरह लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ेगा।इससे पहले भी लगभग दो वर्ष पूर्व ट्रैक्टर ट्रॉली से एक परिवार अपने रिश्तेदारों के साथ मुंडन करने जा रहा था तभी इसी थानांतर्गत भिखारीपुर गांव के पास रोड़ कम चौड़ी तथा सड़क के किनारे रोड़ पटरी न होने कारण ओवरटेक के चक्कर में ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क के किनारे खाई में पलट गई थी जिसमें दर्जनों लोगों की मौतें हो गई थी,लेकिन संबंधित विभाग की आंखे अभी तक नही खुली है कही न कहीं यह एक जांच का विषय है।
बॉक्स-2
तेज़ रफ़्तार से कस्बे से होकर निकलते है कमर्शियल वाहन
इटौंजा कुर्सी मार्ग पर इटौंजा,महोंना तथा कुम्हरावां कस्बा पड़ता है,जहां काफ़ी चहल पहल सुबह से लेकर रात तक बनी रहती है,लेकिन ट्रक,डंफर,बस सहित अन्य कमर्शियल वाहन कस्बे से होकर तेज़ रफ़्तार में निकलते है,जिस कारण हमेशा हादसे होने का डर बना रहता है और कई सड़क हादसे भी हो चुके है,लेकिन न तो लोकनिर्माण विभाग इस समस्या पर ध्यान दे रहा है और न ही क्षेत्रीय पुलिस इन तेज़ रफ्तार वाहनों पर कोई कड़ी कार्यवाही कर रही है,अगर इन तेज़ रफ़्तार वाहनों पर कोई कड़ी कारवाई पुलिस द्वारा की जाए तो काफ़ी हद तक सड़क हादसों पर लगाम लग सकता है।
