लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर पूर्वांतर रेलवे ओबीसी एसोसिएशन ने बुधवार को बादशाहनगर रेलवे अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों को सम्मानित किया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक रमेश चंद्र को पुष्पगुच्छ भेंट कर चिकित्सा सेवा में उनके योगदान की सराहना की। साथ ही केजीएमयू के डेंटल विभागाध्यक्ष नन्द लाल को भी डॉक्टर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वी.के. पाठक, डॉ. अनामिका सिंह, डॉ. प्रशांत सिंह और डॉ. मोहम्मद अयाज़ से मुलाकात कर उन्हें राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की बधाई दी तथा रेल कर्मचारियों और उनके परिजनों के साथ-साथ यात्रियों की निस्वार्थ सेवा के लिए आभार व्यक्त किया। शाखा मंत्री मोहम्मद नसीम ने कहा कि डॉक्टर समाज के लिए समर्पित सेवा का प्रतीक हैं। रेलवे के चिकित्सक चौबीसों घंटे रेल कर्मचारियों और जरूरतमंद यात्रियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराते हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान उनकी सेवाएं हमेशा याद रखी जाएंगी। इस मौके पर हादी सिद्दीकी, संजीव मौर्य, अजय, अवनीश सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



