लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित वीडियो को लेकर सहयोग चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित सहयोग सनातन सेना ने राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। संगठन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मड़ियांव थाने पहुंचे और तहरीर देकर उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष बब्बू पांडे के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों का आरोप है कि वायरल वीडियो में स्वामी प्रसाद मौर्य ने हिंदू देवी-देवताओं, भगवान श्रीराम एवं ब्राह्मण समाज के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले बयान दिए हैं। संगठन ने इसे सनातन आस्था का अपमान बताते हुए कहा कि ऐसे बयान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले हैं और इनके खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। पदाधिकारियों ने कहा कि सहयोग सनातन सेना समाज में सेवा, राष्ट्रहित और सनातन जागृति के लिए कार्यरत है तथा किसी भी धर्म, आस्था या समाज के विरुद्ध अमर्यादित टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन ने प्रशासन से मांग की कि मामले का संज्ञान लेकर स्वामी प्रसाद मौर्य के विरुद्ध तत्काल अभियोग पंजीकृत किया जाए। इस अवसर पर संगठन के संस्थापक लक्ष्मी प्रकाश दीक्षित, राष्ट्रीय अध्यक्ष गुड़िया निगम, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजेश मिश्रा, लाल प्रताप सिंह, ऋषि कुमार दीक्षित, अमरनाथ शुक्ला, सियाराम चौधरी, प्रदेश महासचिव योगेंद्र शुक्ला, प्रदेश संगठन मंत्री विपेंद्र सिंह, मनोज कुमार सिंह, अशफाक अली उर्फ गुड्डू, दिवाकर पटेल, शील जायसवाल, शिवा पांडे, प्रदेश महामंत्री अनुराग सिंह परमार, नगर अध्यक्ष निशित मिश्रा, नगर उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अवस्थी, नगर महासचिव अभय शुक्ला सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

