लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। जानकीपुरम तृतीय वार्ड में मुख्यमंत्री त्वरित विकास योजना के तहत 1.05 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सीसी सड़क और नाली निर्माण कार्य शुरू हो गया। विधायक डॉ. नीरज बोरा ने बुधवार को दो स्थानों पर विधिवत भूमि पूजन कर कार्यों का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को जलभराव और जर्जर सड़कों की समस्या से राहत मिलेगी तथा आवागमन भी सुगम होगा। पहले चरण में नहर रोड स्थित द्वारिका विहार कॉलोनी में मेन रोड से पंकज वर्मा के आवास से लेकर सुधीर श्रीवास्तव के आवास तक सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। इसके बाद नहर रोड कॉलोनी में संतोष कुमार के आवास के सामने सड़क और नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जानकीपुरम तृतीय वार्ड की यह लंबे समय से लंबित मांग थी, जिसे अब मुख्यमंत्री त्वरित विकास योजना के अंतर्गत पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के प्रत्येक मोहल्ले तक विकास कार्य पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद दीपक लोधी, पार्षद प्रतिनिधि सौरभ तिवारी, शैलेंद्र शर्मा 'अटल', सतीश वर्मा, सी.के. वर्मा, कृपा शंकर मिश्रा, दिव्यांशी शुक्ला, सौरभ त्रिवेदी, प्रियंका मौर्या, शिखर मौर्या, अभिषेक श्रीवास्तव, अनुपम श्रीवास्तव, दीपू रावत, सुशील सिंह, विजय उपाध्याय, विवेक मिश्रा, पंकज वर्मा, पूजा मिश्रा, शुभम पाठक, कीवि वर्मा, गया प्रसाद रावत, विनोद सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


