Search News

स्वच्छता अभियान के साथ मनाया अखिलेश यादव का जन्मदिन, 2027 के संकल्प का लिया प्रण

समाजवादी पार्टी
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: July 1, 2026

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। फैजुल्लागंज क्षेत्र में बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर स्वच्छता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। भरत नगर स्थित शुक्ला पुलिया के पास सुबह करीब 6:30 बजे शुरू हुए कार्यक्रम का नेतृत्व समाजसेवी ममता त्रिपाठी ने किया। इसमें क्षेत्र के करीब 100 लोगों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने प्रतीकात्मक सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया और अखिलेश यादव के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। ममता त्रिपाठी ने कहा कि स्वच्छता ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक को अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई में सक्रिय योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम में डेंगू और मलेरिया जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। राकेश पांडेय ने घरों और आसपास पानी जमा न होने देने, नियमित सफाई रखने तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की। वहीं स्वच्छ पेयजल के उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। अखिलेश अवस्थी ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया। गुड़िया सिंह ने कहा कि जनजागरूकता के माध्यम से ही सकारात्मक बदलाव संभव है और बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।कार्यक्रम के स्थानीय प्रभारी आशुतोष शुक्ल ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। अंत में उपस्थित लोगों ने अखिलेश यादव के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए वर्ष 2027 में उन्हें उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य को लेकर बूथ स्तर पर एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Breaking News:

Recent News: