कैनवीज़ टाइम्स , डिजिटल डेस्क ।
भारत द्वारा पाकिस्तान के 9 स्थानों पर की गई सटीक एयर स्ट्राइक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में पीएम मोदी ने केंद्रीय मंत्रियों को ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया और इसे 'पूरी तरह योजना के अनुसार' सफलतापूर्वक संपन्न बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को भारतीय सेना ने अत्यंत सटीकता के साथ अंजाम दिया और इसमें किसी भी तरह की कोई गलती नहीं हुई। उन्होंने कहा, "ये तो होना ही था। पूरा देश हमारी ओर देख रहा था, और हमें हमारी सेना पर गर्व है।"
बैठक में पीएम मोदी ने बताया कि ऑपरेशन की सफलता का श्रेय उन विस्तृत तैयारियों और कड़े सुरक्षा उपायों को जाता है, जो भारतीय सेना ने पहले से सुनिश्चित किए थे। इस दौरान केंद्रीय मंत्रियों ने सेना के साहस और सटीकता की सराहना की और पीएम मोदी के नेतृत्व में लिए गए इस निर्णायक कदम की प्रशंसा की।
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति और सीमा पार से होने वाले हमलों पर निर्णायक प्रतिक्रिया का संकेत है। यह कार्रवाई पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर की गई है, जो लगातार भारत की सुरक्षा को चुनौती देते रहे हैं।
