96.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर आद्रिजा और आरोही ने रचा इतिहास, प्रदेश में 10वां और लखनऊ में हासिल किया प्रथम स्थान
लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। यूपी बोर्ड हाईस्कूल (दसवीं) एवं इंटरमीडिएट (बारहवीं) के परीक्षा परिणाम गुरुवार को घोषित होते ही लखनऊ पब्लिक कॉलेज की राजाजीपुरम बी-ब्लॉक स्थित शाखा में खुशी की लहर दौड़ गई। मेधावी छात्र-छात्राएं विद्यालय परिसर में एकत्र हुए और एक-दूसरे को गले लगाकर व मिठाई खिलाकर अपनी सफलता का जश्न मनाया। अभिभावकों के साथ पहुंचे छात्रों की आंखों में खुशी के आंसू साफ झलक रहे थे। छात्रों ने यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। कक्षा 10 में छात्रा आद्रिजा चौरसिया एवं आरोही सिंह ने संयुक्त रूप से 96.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में दसवां तथा लखनऊ में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं आदित्य कुमार कुशवाहा ने 95.17 प्रतिशत अंक के साथ जनपद में चौथा स्थान प्राप्त किया। अविका सिंह ने 95 प्रतिशत अंक के साथ पांचवां, आरव सिंह ने 94.17 प्रतिशत अंक के साथ आठवां स्थान हासिल किया। इसके अलावा रौनक गुप्ता (92.67%), श्रेष्ठ पटेल (91.83%) एवं अथर्व प्रताप सिंह (91.67%) ने भी शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा 12 में आर्ची सिंह ने 93 प्रतिशत अंक के साथ शहर में द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि भैरवी मौर्य ने 92.40 प्रतिशत अंक हासिल कर तृतीय स्थान पाया। समीक्षा राजपूत ने 91 प्रतिशत के साथ पांचवां स्थान, वंशिका शर्मा (88.40%), तविशी मित्तल (87%) एवं रिया सिंह यादव (86.80%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मेधावी छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई, अनुशासन और शिक्षकों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य तय कर निरंतर प्रयास करने से सफलता जरूर मिलती है। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. एस.पी. सिंह (सांसद) एवं जनरल मैनेजर हर्षित सिंह ने सभी मेधावी छात्रों को सम्मानित करते हुए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्य ज्ञानेंद्र कुमार ने इस सफलता का श्रेय छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग को दिया।
यूपी बोर्ड हाईस्कूल (दसवीं) के मेधावी



यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट (बारहवीं) के मेधावी


