कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने इशारा किया है कि अगर पार्टी हाईकमान दोबारा उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपता है, तो वह उसे निभाने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी पहले भी उन्हें हाईकमान ने दी थी, जिसे उन्होंने पूरी ईमानदारी से निभाया है। शिमला के गेयटी थिएटर में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रतिभा सिंह ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि प्रदेश में कांग्रेस संगठन के गठन में देरी चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल के शिमला दौरे में कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं से संगठन को लेकर बातचीत हुई है। रजनी पाटिल ने भरोसा दिलाया है कि इस मुद्दे पर जल्द पार्टी हाईकमान से चर्चा होगी और संगठन का गठन शीघ्र किया जाएगा। प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस साल पंचायत चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए जरूरी है कि संगठन जल्द तैयार हो ताकि पार्टी मजबूती से आगे बढ़ सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन की गैरमौजूदगी से पार्टी कमजोर हो रही है। इसके अलावा उन्होंने जानकारी दी कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण अब 15 जुलाई को रिज मैदान शिमला में किया जाएगा। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को सम्मान देने का प्रतीक होगा और कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देगा।