कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में निर्भया कांड जैसी दर्दनाक और हैवानियत भरी घटना सामने आई है। एक महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर बेरहमी से मारकर उसकी हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम करने वाली डॉक्टर ने बताया कि जब शव लाया गया तो महिला की आंतें बाहर थीं। यह चोट पेट पर जोरदार वार या किसी वस्तु से अंदरूनी हमला होने का संकेत देता है। महिला की मौत घटना के करीब 18 घंटे बाद हुई। जानकारी के अनुसार, पीड़िता का बेटा जब घर पहुंचा तो उसकी मां बेहोशी की हालत में मिली थी। होश में आने पर महिला ने गांव के ही दो लोगों सुनील और हरि पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। 24 मई की सुबह महिला की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को खंडवा जिला अस्पताल भेजा, जहां दो महिला चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। डॉक्टरों ने बच्चेदानी बाहर आने की पुष्टि नहीं की, लेकिन आंतों के बाहर आने की बात कही है। पुलिस ने सुनील और हरि के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। गांव में पीड़िता का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के पूरी तरह आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।