कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क।
समाजवादी पार्टी द्वारा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर से कथित छेड़छाड़ के विरोध में भारतीय जनता पार्टी की महानगर इकाई ने नवयुग मार्केट स्थित आंबेडकर पार्क में जोरदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर सांसद अतुल गर्ग, विधायक अजीत पाल त्यागी, संजीव शर्मा और भाजपा के अन्य प्रमुख नेताओं ने समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर दलित समाज के अपमान का आरोप लगाया।
सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि डॉ. आंबेडकर की तस्वीर में अखिलेश यादव की तस्वीर जोड़ना निंदनीय और दलितों के आत्मसम्मान पर हमला है। महानगर भाजपा अध्यक्ष मयंक गोयल ने इसे दलितों के साथ धोखा बताते हुए सपा से सार्वजनिक माफी की मांग की।
अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष अमित कल्याणी ने सवाल उठाया कि समाजवादी पार्टी में अब तक किसी दलित नेता को शीर्ष नेतृत्व क्यों नहीं सौंपा गया। उन्होंने कहा कि दलित समाज अब केवल प्रतीकों से बहलाया नहीं जा सकता।
विधायक अजीत पाल त्यागी और संजीव शर्मा ने डॉ. आंबेडकर के साथ किसी भी प्रकार की तुलना या छेड़छाड़ को संविधान और सामाजिक न्याय के खिलाफ बताया। भाजपा महामंत्री सुशील गौतम ने कहा कि दलित समाज अब जागरूक है और दिखावटी राजनीति को पहचान चुका है।
प्रदर्शन से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।