कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने व्यापारियों के हित में एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड के गठन की घोषणा की है। यह फैसला व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के लिए लिया गया है। मुख्यमंत्री ने उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की उपस्थिति में बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस निर्णय की जानकारी दी। रेखा गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। बोर्ड का मुख्य उद्देश्य दिल्ली के आठ लाख से अधिक जीएसटी-पंजीकृत कारोबारियों को लाभ पहुंचाना है। यह बोर्ड व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने, सामाजिक सुरक्षा देने, और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में कार्य करेगा। इससे पहले दिल्ली सरकार ने सात प्रकार के व्यापारिक लाइसेंस के लिए पुलिस एनओसी की अनिवार्यता समाप्त कर व्यापारियों को बड़ी राहत दी थी। अब ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड बनाकर सरकार ने व्यापारियों के लिए एक स्थायी संवाद मंच भी उपलब्ध करा दिया है, जो सरकार और व्यापारिक समुदाय के बीच सेतु का काम करेगा।