लखनऊ। गाजीपुर थाना क्षेत्र में दर्ज दुष्कर्म के एक मामले में वांछित चल रहे आरोपी के खिलाफ पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर उद्घोषणा की कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी के घर पर धारा 82 के तहत बुधवार दोपहर को घर पहुँच कर नोटिस चस्पा कर स्थानीय लोगों की मौजूदगी में डुगडुगी पिटवाकर उद्घोषणा कराई।चौकी इंचार्ज सचिन कौशिक के अनुसार थाना गाजीपुर में पंजीकृत मुकदमा संख्या 54/2026, धारा 64(1)/351(3) बीएनएस से संबंधित वांछित आरोपी सैयद मोहम्मद मुजम्मिल इमाम पुत्र सैय्यद नजरे इमाम निवासी डी-53/2 सर्वोदय नगर, इंदिरा नगर, थाना गाजीपुर की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। आरोपी के लगातार फरार रहने पर न्यायालय से प्राप्त आदेश के अनुपालन में उसके आवास पर धारा 82 की कार्रवाई की गई।इस दौरान पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा किया और आसपास के क्षेत्र में डुगडुगी पिटवाकर उद्घोषणा कराई। पुलिस ने आरोपी को निर्धारित समयावधि के भीतर न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष उपस्थित होने की चेतावनी दी है।कार्रवाई के दौरान चौकी प्रभारी सर्वोदय नगर सचिन कौशिक, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेश कुमार पांडेय, आरक्षी ज्ञानेन्द्र कुमार एवं महिला आरक्षी आराधना सेंगर मौजूद रहीं। पुलिस का कहना है कि निर्धारित अवधि में आरोपी के उपस्थित न होने पर उसके विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
