Search News

पहलगाम आतंकी हमले के बाद हिमाचल में हाई अलर्ट, सीमाओं पर सख्त निगरानी के निर्देश

जम्मू कश्मीर
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kanwhiz Times
  • Updated: April 23, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क।  हिमाचल प्रदेश में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। राज्य सरकार ने एहतियातन पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को सभी पुलिस अधिकारियों को सीमावर्ती इलाकों पर विशेष निगरानी रखने का आदेश दिया और सुरक्षा को और सख्त बनाने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की और इसे एक कायराना कृत्य बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं सभ्य समाज के लिए एक चुनौती हैं और इन्हें बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि देश की एकता और अखंडता को कमजोर करने के ऐसे प्रयास कभी सफल नहीं होंगे।

उन्होंने इस हमले में मारे गए निर्दोष पर्यटकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा, "हिमाचल प्रदेश की जनता इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।"

सुक्खू ने केंद्र सरकार से इस घटना की गहराई से जांच करने की अपील की और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सुरक्षा में कोई चूक हुई है तो उसकी गंभीरता से जांच की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

केंद्रीय गृह मंत्री ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से कामना की है। राज्य सरकार ने सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करने के निर्देश दिए हैं, खासकर पर्यटन स्थलों और धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

Breaking News:

Recent News: