जानकीपुरम के कमरे से तीनों गार्ड सकुशल बरामद, घटना में इस्तेमाल निसान मैग्नाइट कार भी जब्त
लखनऊ। राजधानी के महानगर थाना क्षेत्र में बकाया रकम के विवाद में तीन सुरक्षा गार्डों का अपहरण कर उन्हें बंधक बनाने वाले नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी के संचालक समेत चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। क्राइम टीम, सर्विलांस सेल और थाना महानगर की संयुक्त कार्रवाई में तीनों गार्ड कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर लिए गए।
कैसे हुई घटना
पुलिस के अनुसार 21 नवंबर को महानगर की गीता कुंज सोसाइटी में ड्यूटी कर रहे गार्ड आशीष सिंह को सफेद रंग की कार में सवार कुछ लोग मारपीट कर जबरन उठा ले गए। तहरीर पर थाना महानगर में मुकदमा अपराध संख्या 210/2026, धारा 140(1) बीएनएस के तहत दर्ज हुआ। अपहृत की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उच्चाधिकारियों ने 25,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया।
सीसीटीवी और मुखबिर से मिला सुराग
पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए। फुटेज में सफेद कार से आए तीन लोग गार्ड से मारपीट कर उसे जबरन कार में बैठाते दिखे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रामराम बैंक चौराहे के पास संदिग्ध निसान मैग्नाइट कार (UP-40-AS-2918) को घेरकर चार लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान राहुल कुमार वर्मा (नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी का संचालक), विश्वनाथ सिंह, दीपक वर्मा और देशराज के रूप में हुई।
जानकीपुरम के कमरे से बरामद हुए तीनों गार्ड
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जानकीपुरम में लक्ष्मण मंडपम के पास आईकॉन अस्पताल के निकट एक कमरे पर छापा मारा। वहां से आशीष सिंह सकुशल मिले। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने दो और गार्डों, सुरेंद्र कुमार मिश्रा और भूपेंद्र शुक्ला को भी अलग-अलग जगहों से कार में बैठाकर उसी कमरे में बंधक बना रखा था। पुलिस ने उन्हें भी मुक्त करा लिया।
सुपरवाइजर से विवाद बना वजह
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि पूर्व कर्मचारी तेज बहादुर और सुपरवाइजर प्रवीण कुमार से बकाया रकम को लेकर 20 नवंबर को विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों ने दूसरी सिक्योरिटी कंपनी में काम शुरू कर दिया था। आरोपी उनकी तलाश में थे और इसी दौरान गीता कुंज में उन्हें पूर्व में उनकी एजेंसी में काम कर चुके आशीष मिल गए। दोनों की जानकारी न देने पर आरोपियों ने आशीष से मारपीट कर उसे अगवा कर लिया। फिर सुरेंद्र कुमार मिश्रा को समृद्धि अपार्टमेंट के पास रामराम बैंक चौराहे से और भूपेंद्र शुक्ला को ताड़ीखाना रोड स्थित एक दुकान के पास से जबरन कार में बैठाया गया। जानकारी न देने पर तीनों को जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस के अनुसार आरोपियों की योजना थी कि जब तक प्रवीण और तेज बहादुर की जानकारी नहीं मिलती, गार्डों को बंधक रखा जाए।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त निसान मैग्नाइट कार, चार एंड्रॉयड मोबाइल, दो पर्स, तीन कलाई घड़ियां, दो अंगूठियां, एक कड़ा और एक राखी बरामद की है। साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 115(2), 127(2) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। एजेंसी का लाइसेंस निरस्त कराने के लिए संबंधित प्राधिकारी को अलग से रिपोर्ट भेजी जा रही है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- राहुल कुमार वर्मा (27), संचालक, नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी, निवासी चिनहट, लखनऊ (मूल निवासी बहराइच)
- विश्वनाथ सिंह (33), निवासी महमूदाबाद, सीतापुर
- दीपक वर्मा (24), निवासी बहराइच
- देशराज (29), निवासी हरगांव, सीतापुर
कार्रवाई करने वाली टीम
कार्रवाई पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देशन, एसीपी महानगर अंकित कुमार के मार्गदर्शन और प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में हुई। टीम में महिला उपनिरीक्षक सान्या निरंजन, उपनिरीक्षक आर्यन शर्मा, राजू कृष्ण सिंह, सौरभ सलोनिया, क्राइम टीम और सर्विलांस सेल के सदस्य शामिल रहे।
