लखनऊ । ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के गऊघाट पुलिस चौकी के पास मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे एक युवक पर कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित रतनलाल गुप्ता ने थाना ठाकुरगंज में लिखित शिकायत देकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक, 18 अगस्त 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे रतनलाल गुप्ता मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे थे। गऊघाट चौकी के पीछे स्थित मंदिर के पास वह कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान लालघाट मंदिर की ओर से मुंह पर अंगोछा बांधे एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा।पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने उनकी कनपटी पर असलहा लगाकर गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन फायर नहीं हुआ। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर असलहे की बट से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए आरोप है कि हमलावर ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद रतनलाल गुप्ता ने निकट स्थित टीबी अस्पताल में उपचार कराया तथा 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।पीड़ित ने थाना ठाकुरगंज में प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
