Search News

रेखा गुप्ता ने रोड शो कर एमसीडी उपचुनाव के लिए प्रचार अभियान की शुरुआत की

नई दिल्ली
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: November 10, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) उपचुनाव के लिए शालीमार बाग में रोड शो करके सोमवार को चुनाव प्रचार की शुरू कर दी। मुख्यमंत्री ने वार्ड नंबर 56 शालीमार बाग (बी) की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार अनीता जैन के समर्थन में प्रचार किया। यह सीट मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के विधायक निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई थी। मुख्यमंत्री गुप्ता अनीता जैन के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन समारोह में भी सम्मिलित हुईं। इस अवसर पर सांसद प्रवीण खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही। इसके अलावा, मुख्यमंत्री आज अशोक विहार वार्ड 65 से उम्मीदवार वीना असीजा के नामांकन से पूर्व पूजा में भी सम्मिलित हुईं और उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा के प्रति वीना असीजा का समर्पण, मेहनत और कार्यशीलता ने उन्हें जनता के बीच विशेष स्थान दिलाया है। उन्हें इस वार्ड की जनता का भरपूर आशीर्वाद और अपार स्नेह मिलेगा। मुख्यमंत्री ने एक्स पोस्ट में भाजपा के सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुल 12 उम्मीदवारों में से 8 महिलाएं हैं। यह नारी शक्ति को नेतृत्व और उचित प्रतिनिधित्व देने की हमारी प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। मुझे दृढ़ विश्वास है कि दिल्ली के प्रबुद्ध नागरिक सेवा के इस संकल्प को अपना बहुमूल्य आशीर्वाद और समर्थन प्रदान करेंगे। जनता का आशीर्वाद, स्नेह और सेवाभाव, यही हमारा काम है और इस काम को करते हुए सभी 12 वार्डों पर चुनाव लड़ेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपचुनाव दिल्ली के स्थानीय विकास, स्वच्छता और व्यवस्था को सतत सुनिश्चित करने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। हमारे सभी उम्मीदवार पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ जनता की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उल्लेखनीय है कि एमसीडी के 12 वार्डों में उपचुनाव के लिए 30 नवंबर को सुबह 7:30 से शाम 5:30 बजे तक मतदान होगा। मतगणना 03 दिसंबर को होगी।

Breaking News:

Recent News: