मुखबिर की सूचना पर बाबा की कुटिया के पास से गिरफ्तार, SC/ST एक्ट समेत गंभीर धाराओं में दर्ज है मुकदमा
लखनऊ, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत महिगवां थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास और एससी/एसटी एक्ट के मामले में पिछले एक वर्ष से फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर डीसीपी उत्तरी, एडीसीपी उत्तरी एवं एसीपी बीकेटी के पर्यवेक्षण में महिगवां थाना पुलिस ने सोमवार को वांछित आरोपी सुभाष पुत्र जमुना प्रसाद रावत, निवासी ग्राम खंतारी, थाना महिगवां, लखनऊ (उम्र लगभग 19 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी अपने गांव के बाहर बाबा की कुटिया के पास मवई कला रोड पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय एवं मानवाधिकार आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया गया।
पूछताछ में स्वीकार की फरारी
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके खिलाफ महिगवां थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था और अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था।
यह है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने साथियों के साथ पूर्व नियोजित तरीके से रात के समय वादी के घर पहुंचकर लाठी-डंडों से हमला किया था। हमले में वादी के पिता मुन्नूलाल को जान से मारने की नीयत से गंभीर चोटें पहुंचाई गईं। बीच-बचाव करने आए वादी, उसके भाई और बहन के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद सभी आरोपी पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए थे।
इन धाराओं में दर्ज है मुकदमा
आरोपी के खिलाफ थाना महिगवां में मु0अ0सं0 129/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 105, 115(2), 352, 351(3), 191(2) तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराएं 3(1)(द), 3(1)(ध) एवं 3(2)(5) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थाना महिगवां के थाना प्रभारी राधेश्याम मौर्य के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक गौरी शंकर यादव, उपनिरीक्षक अमित सिंह, आरक्षी रचित कुमार, लालबहादुर एवं बनारसी शामिल रहे।
