लखनऊ। जानकीपुरम विस्तार स्थित अभिषेक पुरम में रविवार को लर्निंग विंग्लेस प्ले स्कूल का भव्य शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में शिक्षा, चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा उनके व्यक्तित्व निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यालय, जहां बच्चों को खेल-खेल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अच्छे संस्कार और रचनात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाता है, वे समाज के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति का मूल आधार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा है। बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और संस्कारों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह संस्थान बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त केंद्र बनेगा।
विद्यालय की डायरेक्टर ऋतु अधिकारी ने बताया कि लर्निंग विंग्लेस प्ले स्कूल का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, आनंदमय और आधुनिक शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों के बौद्धिक, भावनात्मक, सामाजिक और रचनात्मक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें।
कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. टी.आर. यादव ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित नहीं रह गई है। प्रारंभिक अवस्था में बच्चों की जिज्ञासा, कल्पनाशक्ति, रचनात्मक सोच और नैतिक मूल्यों का विकास अत्यंत आवश्यक है, जिससे उनका समग्र व्यक्तित्व विकसित हो सके।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि सतीश वर्मा, डॉ. इंदु सुभाष, डॉ. संदीप सिंह, डॉ. अंकिता सिंह, दीप्ति रावत, अंकिता अवस्थी, शास्त्री प्रमोद यादव तथा अविनाश सिंह सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
