Search News

सपा ने जितने मकान-दुकान कब्जा किए, भाजपा उनकी सूची जारी करेगी", केशव मौर्य की अखिलेश यादव को चेतावनी

सपा
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kanwhiz Times
  • Updated: April 10, 2025

कैनविज टाइम्स,डिजिटल डेस्क। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने उत्तर प्रदेश में जितनी जमीन, मकान और दुकानों पर कब्जा किया है, भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) उन सभी की सूची जारी करेगी। मौर्य दामोदर नगर में भाजपा की वार्ड बैठक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि जिन पार्टियों के पास भाजपा जैसे कार्यकर्ता नहीं हैं, उनका न तो वर्तमान है और न ही भविष्य। भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा के कार्यकर्ताओं के बल पर 2047 तक केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी रहेगी।

केशव मौर्य ने सपा, बसपा और कांग्रेस को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि बसपा समापन की ओर है, कांग्रेस इतिहास के पन्नों की ओर बढ़ रही है, और सपा 2027 में 2017 से भी नीचे चली जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सपा आजकल फुदकने की कोशिश कर रही है, लेकिन अखिलेश यादव को तैयार रहना चाहिए क्योंकि भाजपा सपा के कब्जे वाली सभी जमीनों, मकानों और दुकानों की सूची जारी करेगी।

इसके अलावा, मौर्य ने सपा के पीडीए को "फर्जी" करार दिया और कहा कि 2012 से 2017 के बीच सपा ने जितना दमन किया, उतना प्रदेश में कभी नहीं हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि आज देश में तुष्टिकरण की राजनीति का अंत हो चुका है और अगर लोकतंत्र की आड़ में माहौल खराब करने का प्रयास किया गया तो उसे उसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। मौर्य ने चेतावनी दी कि अखिलेश यादव अपनी कुंडली दिखा लें, वह 2050 तक सत्ता में नहीं आ पाएंगे। इस मौके पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, सांसद रामेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक महेश त्रिवेदी और जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह भी मौजूद थे।

Breaking News:

Recent News: