महर्षि विद्या मंदिर के 42वें वार्षिकोत्सव में कला, संस्कृति, खेल और सामाजिक चेतना का दिखा अनूठा संगम
लखनऊ। महर्षि विद्या मंदिर, लखनऊ का 42वां वार्षिकोत्सव 'अरुणोदय' हर्षोल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में कला, संस्कृति, खेल और सामाजिक चेतना का अनूठा संगम देखने को मिला।
समारोह का शुभारंभ गुरु पूजन, विमोचन, दीप प्रज्वलन एवं स्वस्ति वाचन के साथ हुआ। विद्यालय के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव, प्रबंधक अनूप श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य नीलम सिंह एवं उप प्रधानाचार्य गौरव सिंह बिष्ट ने अतिथियों को पौधे भेंटकर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिवस्तुति, स्वागतांजलि, कव्वाली, मणिकर्णिका, आर्केस्ट्रा एवं पहाड़ी लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। वहीं खेल विभाग की प्रस्तुति 'प्रतिभा: द स्पोर्टिंग ब्रिलियंस', भक्त प्रहलाद, सामूहिक गायन, जल संरक्षण एवं नवरस ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। भव्य ग्रैंड फिनाले के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समापन हुआ।
इस अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ समारोह संपन्न हुआ।
विद्यालय के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षा के साथ कला, संस्कृति और जीवन मूल्यों का समन्वय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार है। वहीं प्रबंधक अनूप श्रीवास्तव ने प्रस्तुतियों को भारतीय संस्कृति और नई पीढ़ी की रचनात्मकता का सुंदर संगम बताया।
प्रधानाचार्य नीलम सिंह ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्कारवान, आत्मविश्वासी एवं संवेदनशील व्यक्तित्व के रूप में विकसित करना है।
महर्षि महेश योगी जी की समग्र शिक्षा की अवधारणा से प्रेरित विद्यालय में नियमित भावातीत ध्यान एवं योग के माध्यम से विद्यार्थियों के बौद्धिक, मानसिक और व्यक्तिगत विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। 'अरुणोदय' इसी शैक्षिक दर्शन का जीवंत प्रतिबिंब बना।
