कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को अब राजधानी के प्रतिष्ठित सिविल लाइंस क्षेत्र में स्थित राजनिवास मार्ग पर नया सरकारी आवास मिलेगा। मुख्यमंत्री को दो बंगलों 1/8 और 2/8 को मिलाकर आवास आवंटित किया गया है। इन्हीं में उनका कैंप कार्यालय भी स्थापित किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इन बंगलों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है ताकि जल्द ही मुख्यमंत्री इसमें शिफ्ट हो सकें। यह आवास पहले उपराज्यपाल सचिवालय और विधानसभा के मुख्य सचेतक अभय वर्मा के उपयोग में था, लेकिन अब दोनों बंगले खाली कर दिए गए हैं और मुख्यमंत्री आवास के रूप में विकसित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को Z श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। इससे पहले वह शालीमार बाग स्थित अपने निजी आवास में रह रही थीं। राजनिवास मार्ग पर बने इन बंगलों में विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट और दिल्ली सरकार के मंत्री रविंद्र सिंह इंद्राज भी पड़ोसी के रूप में रहेंगे।PWD के अधिकारियों के अनुसार, मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा और मुख्यमंत्री आवास जल्द ही पूरी तरह तैयार हो जाएगा।