*डिजिटल डेस्क, लखनऊ।* महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के परिणामों के शुरुआती रुझान भाजपा गठबंधन के पक्ष में जाते दिख रहे हैं। महायुति (भा.ज.पा. और सहयोगी दलों का गठबंधन) को 288 सीटों में से 220 सीटें मिलने का अनुमान है, जो उन्हें स्पष्ट बहुमत दिला सकती हैं। वहीं, विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन को मात्र 55 सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है।
रुझानों के अनुसार, महायुति में भाजपा के नेतृत्व वाली शिवसेना 53 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) 33 सीटों पर आगे है। भाजपा को सबसे ज्यादा 100 सीटें मिलती दिख रही हैं, जबकि महायुति के सहयोगी दल राष्ट्रीय युवा स्वाभिमान पार्टी (आरवाईएसडब्ल्यूपी) को एक सीट पर बढ़त मिली है।
इस चुनावी परिणाम में सबसे दिलचस्प मुकाबला शरद पवार और उनके भतीजे अजित पवार के बीच देखा गया। जहां शरद पवार की एनसीपी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) में अहम सदस्य है, वहीं उनके भतीजे अजित पवार ने अपनी अलग राह पकड़ते हुए अपनी पार्टी एनसीपी को जबरदस्त बढ़त दिलवाई है। अजित पवार की एनसीपी इस वक्त 37 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि शरद पवार की एनसीपी केवल 11 सीटों पर आगे है। अजित पवार ने अपनी पारंपरिक बारामती सीट पर 11 हजार वोटों की बढ़त बनाई है।
एमवीए गठबंधन में शामिल अन्य दलों की स्थिति भी स्पष्ट हो रही है। कांग्रेस को 17 सीटों पर बढ़त मिली है, वहीं शिवसेना (यूबीटी) 18 सीटों पर आगे है। समाजवादी पार्टी को 2 सीटों पर बढ़त मिल रही है, लेकिन इन सबके बावजूद एमवीए गठबंधन भाजपा गठबंधन के मुकाबले काफी पीछे नजर आ रहा है।
