Search News

02 अक्टूबर को रिलीज होगी फिल्म ‘डियर हसबैंड’, लखनऊ में कलाकारों ने साझा किए फिल्म से जुड़े अनुभव

फिल्म ‘डियर हसबैंड’
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: September 30, 2026

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। शूटिंग सेंस के बैनर तले निर्मित फिल्म ‘डियर हसबैंड’ आगामी 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की रिलीज से पहले बुधवार को लखनऊ में आयोजित प्रमोशनल प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिल्म की टीम ने कहानी, किरदारों, निर्देशन और शूटिंग के अनुभव मीडिया के साथ साझा किए। फिल्म का वितरण ए1 सिनेग्रेशन द्वारा किया जा रहा है। करीब दो घंटे की इस फिल्म में तीन गाने हैं। फिल्म की कहानी पति-पत्नी के रिश्ते और उससे जुड़े घटनाक्रम के इर्द-गिर्द बुनी गई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में निर्माता एवं अभिनेता रोहित राजावत, निर्देशक एवं अभिनेता धर्मेंद्र कुमार, लेखक एवं मुख्य अभिनेता अजीत गोस्वामी, मुख्य अभिनेत्री पूर्णिमा शर्मा, अभिनेता सतीश त्रिपाठी, अभिनेत्री डॉ. अनिता सहगल वसुंधरा और कलाकार शिशिर सिंह मौजूद रहे।

निर्माण के साथ अभिनय का अनुभव रहा खास

निर्माता एवं अभिनेता रोहित राजावत ने कहा कि ‘डियर हसबैंड’ उनके लिए खास फिल्म है। निर्माण के साथ अभिनय की जिम्मेदारी निभाना चुनौतीपूर्ण होने के साथ ही अलग अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि पूरी टीम ने फिल्म को बेहतर बनाने के लिए मेहनत की है और उम्मीद है कि दर्शकों को कहानी और कलाकारों का अभिनय पसंद आएगा।

निर्देशन के साथ ‘कप्तान’ का किरदार

निर्देशक एवं अभिनेता धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि फिल्म का निर्देशन उनके लिए नया और चुनौतीपूर्ण अनुभव रहा। कहानी और किरदारों को प्रभावी ढंग से पर्दे पर उतारने का प्रयास किया गया है। उन्होंने फिल्म में गिरोह के मुखिया ‘कप्तान’ की भूमिका भी निभाई है। धर्मेंद्र कुमार टेलीविजन के चर्चित धारावाहिक ‘नागिन’ और ‘जोधा अकबर’ से जुड़े रहे हैं।

लेखन और अभिनय की दोहरी जिम्मेदारी

मुख्य अभिनेता एवं लेखक अजीत गोस्वामी ने कहा कि मुख्य भूमिका निभाने के साथ फिल्म की कहानी लिखना चुनौतीपूर्ण रहा। प्रयास किया गया है कि कहानी और किरदार दर्शकों को अपने से जुड़े हुए महसूस हों।

‘सिया’ का किरदार पूर्णिमा के लिए खास

मुख्य अभिनेत्री पूर्णिमा शर्मा ने फिल्म में ‘सिया’ के किरदार को अपने लिए खास बताया। उन्होंने कहा कि पूरी टीम के साथ काम करने का अनुभव यादगार रहा। पूर्णिमा शर्मा भारतेंदु नाट्य अकादमी, लखनऊ से अभिनय का प्रशिक्षण ले चुकी हैं। वह ‘गुलाबो सिताबो’ और ‘सिया’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय कर चुकी हैं।

फिल्म में दिखेगी पुलिस की सक्रियता

प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिल्म की कहानी के एक महत्वपूर्ण पहलू के रूप में पुलिस की सक्रियता का भी उल्लेख किया गया। टीम ने उत्तर प्रदेश पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि फिल्म में भी पुलिस की भूमिका और सक्रियता देखने को मिलेगी। अभिनेता सतीश त्रिपाठी फिल्म में पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। वह दिल्ली और गुरुग्राम के रंगमंच से जुड़े रहे हैं और ‘मर्डर इन माहिम’ वेब सीरीज में भी अभिनय कर चुके हैं।

थिएटर, टीवी और सिनेमा के कलाकार एक साथ

‘डियर हसबैंड’ में थिएटर, टेलीविजन और सिनेमा से जुड़े कलाकार नजर आएंगे। फिल्म में बिस्वजीत मैती भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं, हालांकि वह लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद नहीं हो सके।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कलाकारों ने फिल्म की शूटिंग से जुड़े अनुभवों और अपने-अपने किरदारों के विभिन्न पहलुओं पर मीडिया से बातचीत की। फिल्म के निर्माता रोहित राजावत, निर्देशक धर्मेंद्र कुमार तथा लेखक एवं मुख्य अभिनेता अजीत गोस्वामी हैं। ‘डियर हसबैंड’ 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Breaking News:

Recent News: