कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा वीरवार काे पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में भी श्रद्धांजलि एवं धन्यवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान जीएसटी सुधारों को लेकर केंद्र सरकार का आभार जताने हेतु विशेष धन्यवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. बिंदल ने बताया कि भाजपा 25 सितंबर (पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती) से लेकर 25 दिसंबर (पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती) तक आत्मनिर्भर भारत जागृति अभियान” चलाएगी। इस तीन माह के अभियान के तहत पूरे प्रदेश में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डॉ. बिंदल ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपदा के समय प्रदेश को राहत दे रहे हैं, तब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू "आफत" दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने आपदा राहत के लिए पहले ₹5300 करोड़ और फिर ₹1500 करोड़ की अतिरिक्त सहायता दी, जिससे कुल ₹6800 करोड़ प्रदेश को मिल चुके हैं, लेकिन सरकार उस धनराशि को पीड़ितों तक पहुंचाने में विफल रही है। बिंदल ने कहा कि सीमेंट की कीमतों में केंद्र ने राहत दी, लेकिन प्रदेश सरकार ने दाम बढ़ा दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री विदेश दौरों में व्यस्त हैं और राज्य के मंत्री भाजपा को गाली देने में लगे हुए हैं, जबकि आपदा प्रभावित जनता अब भी राहत की प्रतीक्षा में है।
