धीरेन्द्र मिश्रा/ कैनविज टाइम्स
■ 5जी एम्बुलेंस में लगा सीसीटीवी कैमरा अस्पताल के इसरजेन्सी विभाग से रहेगा कनेक्टेड, एम्बुलेंस में भी डाक्टरों की निगरानी में होगा मरीज
■ मेदान्ता ने उत्तर प्रदेश की पहली 5जी एंबुलेंस सेवा का किया शुभारंभ
लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। शहर में ज्यादार देखने को मिलता है कि ट्रैफिक की समस्या के कारण अक्सर एम्बुलेंस जाम में फंस जाती है जिसके कारण मरीजो को अस्पताल तक पहुँचने में काफी वक्त लग जाता है। जबकि मरीजो के लिए एम्बुलेंस में बिताया एक एक मिनट बहुत कीमती होता है। ऐसे में अस्पताल देर से पहुँचने और उपचार देर से शुरू होने पर मरीजो के लिए जीवन संकट खड़ा हो जाता है। ऐसे में लखनऊवासियों के लिए मेदांता अस्पताल ने 5जी एम्बुलेंस सेवा शुरू की है, 5जी एम्बुलेंस इमरजेन्सी विभाग से पूरी तरह से ऑनलाइन कनेक्टेड रहेगी जिससे एम्बुलेंस में मरीज आते ही डाक्टरों की निगरानी में आ जाएगा और उसकी वर्तमान स्थिति के अनुसार उसका उपचार एम्बुलेंस में ही शुरू हो जाएगा।

शहीद पथ स्थित मेदान्ता अस्पताल ने उत्तर प्रदेश की पहली 5जी सक्षम एम्बुलेंस लॉन्च की है, जो आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में एक बड़ा कदम है। यह तकनीक रियल-टाइम डेटा ट्रांसफर और हाई-स्पीड कनेक्टिविटी के साथ मरीजों को बेहतर देखभाल प्रदान करती है। यह सुविधा मेदान्ता की 5वीं वर्षगांठ के अवसर पर शुरू की गई है। आपातकालीन सहायता के लिए इसे 1068 पर कॉल करके कभी भी इस सेवा का लाभ उठाया जा सकता है। यह नई 5जी एनेबल्ड एम्बुलेंस आपातकालीन सेवाओं को तेज़ और सटीक बनाने के लिए कई उन्नत सुविधाएं प्रदान करती है। 5जी एम्बुलेंस से ईसीजी, हार्ट रेट और ऑक्सीजन सैचुरेशन जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य डेटा रियल टाइम में अस्पताल भेजे जा सकते हैं, जिससे मरीज के आने से पहले ही अस्पताल में इलाज के लिए आवश्यक तैयारी शुरू हो जाती है। इस एम्बुलेंस में सीसीटीवी कैमरा अस्पताल के इमरजेन्सी डेस्क से कनेक्ट होने के कारण वीडियो सपोर्ट के माध्यम से पैरामेडिक्स को लगातार विशेषज्ञ डॉक्टरों का मार्गदर्शन मिलता है, जिससे सफर के दौरान ही मरीज की उच्च गुणवत्ता की देखभाल संभव होती है। ऐसे में एम्बुलेंस और अस्पताल के बीच सुरक्षित और निरंतर कनेक्टिविटी के कारण मरीज के देखभाल में कोई रुकावट नहीं आने पाएगी।

इस मौके पर मेदान्ता लखनऊ के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने कहा कि 5जी एम्बुलेंस उत्तर प्रदेश के लिए एक क्रांतिकारी पहल है। यह मेदान्ता की स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक के साथ जोड़ने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हमारा लक्ष्य है कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीज के इलाज के लिए हर सेकंड का सही उपयोग हो। वहीं आपातकालीन और ट्रॉमा केयर के एसोसिएट डायरेक्टर और प्रमुख डॉ. लोकेन्द्र गुप्ता ने कहा कि यह सेवा मेदान्ता की उस सोच को दर्शाती है, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सा को समुदाय तक पहुंचने का प्रयास है। 5जी एम्बुलेंस पैरामेडिक्स को रियल-टाइम सपोर्ट देकर अस्पताल पहुंचने से पहले ही जीवनरक्षक उपाय करने में सक्षम बनाती है। टोल फ्री नंबर 1068 पर कॉल कर कभी भी उपयोग किया जा सकता है। उन्होने बताया कि 5जी सुविधा से लैस एक एम्बुलेंस का शुभारम्भ किया गया है जल्द ही अस्पताल की अन्य एम्बुलेंसो को भी 5जी सुविधा से कनेक्ट किया जाएगा।
