भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान में राजभाषा पुरस्कार वितरण, पखवाड़े की प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित
14 से 29 सितंबर तक चला राजभाषा पखवाड़ा, महानिदेशक प्रभास दनसाना ने कहा- हिंदी राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोने का सशक्त माध्यम
लखनऊ। राजभाषा हिंदी के उत्थान, प्रचार-प्रसार और अधिकाधिक प्रयोग के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (आईआरआईटीएम) ने लखनऊ में राजभाषा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया। इसमें राजभाषा पखवाड़े की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी और कर्मचारी पुरस्कृत हुए।
14 से 29 सितंबर तक चला राजभाषा पखवाड़ा
संस्थान में 14 सितंबर 2026 से 29 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़ा मनाया गया। इस दौरान राजभाषा से जुड़ी अनेक गतिविधियां, हिंदी भाषा से संबंधित प्रतियोगिताएं और विविध कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुए। इनमें संस्थान के सभी संकाय सदस्य, प्रशिक्षु अधिकारी और कर्मचारी उत्साह के साथ शामिल हुए।
उप मुख्य राजभाषा अधिकारी ने दी गतिविधियों की जानकारी
कार्यक्रम की शुरुआत में संस्थान के उप मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रोफेसर आशुतोष कुमार ने सभी का स्वागत किया। उन्होंने राजभाषा संबंधी विभिन्न कार्यकलापों और गतिविधियों की क्रमबद्ध जानकारी दी। हिंदी के उत्थान और इसके निरंतर विकास के लिए कई बिंदुओं पर चर्चा भी हुई।
महानिदेशक ने किया पुरस्कृत
इसके बाद संस्थान के महानिदेशक प्रभास दनसाना ने पखवाड़े के दौरान हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
हिंदी राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोने का माध्यम'
समारोह में महानिदेशक प्रभास दनसाना ने कहा कि हिंदी बोलचाल और लेखन की सबसे सरल, सहज और सर्वप्रिय भाषा है। यह पूरे राष्ट्र को अखंडता, एकता और समरसता में पिरोने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने राजभाषा से जुड़े आयोजन नियमित रूप से कराने पर जोर दिया और सरकारी कामकाज व दैनिक जीवन में हिंदी का अधिकतम प्रयोग करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने पुरस्कार विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में अपर महानिदेशक संजय त्रिपाठी सहित सभी संकाय सदस्य, प्रशिक्षु अधिकारी, विजेता कर्मी और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
