कैनविज टाइम्स, स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (आईपीएल) में गुरुवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और राजस्थान रॉयल्स के बीच हुए मुक़ाबले के बाद ऑरेंज और पर्पल कैप की दौड़ में रोमांचक बदलाव देखने को मिले।
साई सुदर्शन शीर्ष पर कायम, कोहली दूसरे स्थान पर पहुंचे
गुजरात टाइटंस के युवा बल्लेबाज बी. साई सुदर्शन 417 रन बनाकर अब भी सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक आठ मैचों में 52.12 की औसत और 152.18 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।
दूसरी ओर, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने लगातार दूसरा अर्धशतक जमाकर ऑरेंज कैप की दौड़ में लंबी छलांग लगाई है। राजस्थान के खिलाफ उन्होंने 42 गेंदों में 70 रनों की शानदार पारी खेली, जिससे उनके नौ पारियों में कुल रन 392 हो गए हैं।
निकोलस पूरन तीसरे, सूर्यकुमार यादव चौथे स्थान पर
लखनऊ सुपर जायंट्स के निकोलस पूरन, जिन्होंने टूर्नामेंट की शुरुआत में धमाकेदार प्रदर्शन किया था, अब तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। उनके नाम 377 रन हैं।
मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव इस सीज़न में लगातार अच्छा खेल दिखा रहे हैं। वे अब 373 रनों के साथ चौथे स्थान पर हैं।
पर्पल कैप की दौड़: हेज़लवुड ने पकड़ी रफ्तार
गुजरात टाइटंस के तेज़ गेंदबाज़ प्रसिद्ध कृष्णा अब भी सर्वाधिक विकेट लेकर पर्पल कैप के मालिक हैं। उन्होंने आठ मैचों में 16 विकेट लिए हैं। लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के जोश हेज़लवुड ने राजस्थान के खिलाफ 4 विकेट चटकाकर 16 विकेट पूरे कर लिए हैं। हालांकि उनकी इकॉनमी रेट ज़्यादा होने के कारण वे दूसरे स्थान पर हैं।
12 विकेट वाले गेंदबाजों की लंबी सूची
प्रसिद्ध कृष्णा और हेज़लवुड के बाद सात गेंदबाज़ ऐसे हैं जिनके नाम 12-12 विकेट हैं। इनमें आरसीबी के क्रुणाल पांड्या (राजस्थान के खिलाफ 2 विकेट) नए नाम के रूप में जुड़े हैं।
अन्य नामों में गुजरात टाइटंस के आर. साई किशोर और मोहम्मद सिराज, चेन्नई सुपर किंग्स के नूर अहमद, दिल्ली कैपिटल्स के कुलदीप यादव, मुंबई इंडियंस के हार्दिक पांड्या और लखनऊ सुपर जायंट्स के शार्दुल ठाकुर शामिल हैं।
इनमें सबसे किफायती गेंदबाज़ कुलदीप यादव हैं, जिनकी इकॉनमी रेट 6.50 है। वहीं नूर अहमद 7.66 की रनगति के साथ दूसरे स्थान पर हैं।