आरडीएसओ में स्वच्छता शपथ के साथ हुआ पौधरोपण और श्रमदान
स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत महानिदेशक प्रभास दनसाना के नेतृत्व में हुआ कार्यक्रम
लखनऊ। अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत पक्षी विहार (लेक पार्क), आरडीएसओ परिसर में स्वच्छता शपथ, पौधरोपण और सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम महानिदेशक प्रभास दनसाना के नेतृत्व में हुआ, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महानिदेशक ने दिलाई स्वच्छता की शपथ
महानिदेशक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने स्वच्छता, साफ-सफाई और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सेल्फी गतिविधि भी आयोजित की गई।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण
इसके बाद 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। महानिदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सामूहिक श्रमदान से परिसर की सफाई
कार्यक्रम के अगले चरण में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक श्रमदान किया। इसके माध्यम से आरडीएसओ परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के साथ सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा दिया गया।
स्वच्छता दैनिक जीवन का हिस्सा बने: वक्ता
वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान तक सीमित न रहकर दैनिक जीवन का हिस्सा बने, तभी इसके स्थायी परिणाम सामने आएंगे। कार्यक्रम ने स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के उद्देश्यों के प्रति आरडीएसओ की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।
आरडीएसओ की ओर से कहा गया कि अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छ, हरित और सतत कार्य वातावरण को बढ़ावा देने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
