राहत शिविर से लेकर अस्थायी अस्पताल तक इंतजाम, ड्रोन से एंटी-लार्वा का छिड़काव; नाव और एंबुलेंस की भी व्यवस्था
लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से फैजुल्लागंज के कई इलाकों में बने बाढ़ जैसे हालात के बीच बुधवार को स्थानीय विधायक डा. नीरज बोरा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दाऊद नगर और मिश्री बाग पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जलभराव से प्रभावित बस्तियों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। विधायक ने बताया कि दाऊद नगर में प्रभावित परिवारों के लिए अस्थायी राहत शिविर बनाया गया है। शिविर में लोगों के ठहरने, भोजन और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की गई है। वहीं, स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 60 फीट रोड पर अस्थायी अस्पताल शुरू किया गया है। यहां प्राथमिक उपचार और जरूरी दवाओं के साथ आपात स्थिति से निपटने के लिए एंटी स्नेक वेनम भी उपलब्ध कराया गया है। जलभराव वाले इलाकों में संक्रामक बीमारियों और मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए ड्रोन से एंटी-लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर क्लोरीन की गोलियां भी वितरित कर रही हैं।

नाव और एंबुलेंस की व्यवस्था
जलमग्न रास्तों पर आवागमन के लिए पर्याप्त नावों का संचालन कराया जा रहा है। आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 24 घंटे एंबुलेंस तैनात की गई है। जरूरत वाले स्थानों पर अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने की व्यवस्था भी की गई है। विधायक डा. नीरज बोरा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और सभी संबंधित अधिकारी 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहें। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ है। राहत एवं स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर साहिल कुमार, अधिशासी अभियंता नज़मी मुजफ्फर, जोनल अधिकारी अजीत राय, जेडएसओ सचिन सक्सेना सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

