ग्राम पंचायतों में खुलेंगे आधार सेवा केंद्र, पंचायती राज मंत्री राजभर ने दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
पंचायत सचिवों को मिलेंगे स्मार्ट मोबाइल फोन, डिजिटल ग्राम योजना और डिजिटल लाइब्रेरी फेज-2 के विस्तार पर भी समीक्षा
लखनऊ। प्रदेश की ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों को डिजिटल और नागरिक सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के लिए आधार सेवा केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। इसके साथ ही ग्राम पंचायत सचिवों को स्मार्ट मोबाइल फोन देने, डिजिटल ग्राम योजना और डिजिटल लाइब्रेरी फेज-2 के विस्तार की कार्रवाई भी समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएगी।
पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने गुरुवार को विधान भवन के कक्ष संख्या-62 में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इन योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
"डिजिटल सेवाओं के लिए दूर न जाना पड़े"
मंत्री ने कहा कि ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से दूर न जाना पड़े, इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं विकसित की जाएं। उन्होंने आधार सेवा केंद्रों की स्थापना से जुड़ी कार्रवाई में तेजी लाने और अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय बनाने को कहा। ग्राम पंचायत सचिवों को स्मार्ट मोबाइल फोन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए।
डिजिटल ग्राम और डिजिटल लाइब्रेरी फेज-2 पर चर्चा
बैठक में डिजिटल ग्राम योजना और पहले से संचालित डिजिटल लाइब्रेरी योजना के फेज-2 की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा हुई। मंत्री ने संबंधित अभिलेख और विवरण उपलब्ध कराते हुए आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने को कहा।
राजभर ने कहा कि डिजिटल तकनीक ग्रामीण विकास और नागरिक सुविधाओं का अहम माध्यम बन चुकी है। ग्राम पंचायतों में डिजिटल संसाधनों के विस्तार से विभागीय कार्यों में सुगमता आएगी और ग्रामीणों को भी स्थानीय स्तर पर विभिन्न सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में प्रमुख सचिव पंचायती राज रविंद्र, निदेशक पंचायती राज अमित कुमार सिंह, एमडी यूपीसीएल जसजीत कौर, एमडी यूपीडेस्को आकांक्षा राणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
