डिजिटल डेस्क/चित्रकूट। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे चित्रकूट के थाना रैपुरा से कुछ ही दूरी पर झांसी-मीरजापुर हाईवे 35 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें बोलेरो और ट्रक की सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में बोलेरो सवार छह लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा चालक को अचानक झपकी आने के कारण हुआ।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बोलेरो में कुल 11 लोग सवार थे। इनमें से छह लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए, जिनमें से चार को इलाज के लिए सीएचसी रामनगर भेजा गया और बाद में उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। बोलेरो सवार सभी लोग मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं और वे प्रयागराज से लौट रहे थे।
हादसे के शिकार मृतकों की पहचान अब तक पूरी तरह से नहीं हो पाई है। मृतकों में 42 वर्षीय जमुना पुत्र कामता, उसकी 40 वर्षीय पत्नी फुला, 18 वर्षीय पुत्र राज अहिरवार, 15 वर्षीय आकाश, 65 वर्षीय नन्हे, और 45 वर्षीय हरिराम सहित अन्य लोग शामिल हैं। सभी लोग छतरपुर जिले के कस्बा और थाना गुलगंज के निवासी थे। हादसे में घायल हुए पांच लोगों की हालत गंभीर है, और वे इस समय बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। उनकी पहचान के लिए स्वजन के आने का इंतजार किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि बोलेरो चालक को झपकी आने के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा और दुर्घटनास्थल से वाहन हटाने का कार्य किया। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
