• सड़क-नाली निर्माण के साथ तीन पार्कों का होगा नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण
लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। जानकीपुरम के जानकीविहार और सेक्टर-एफ में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सात विकास कार्यों की शुरुआत की गई। रविवार को पार्षद प्रतिनिधि सौरभ तिवारी ने 2 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से होने वाले इन कार्यों का शिलान्यास किया। इनके पूरा होने से क्षेत्र में सड़क, नाली और साइड पटरी की सुविधाएं बेहतर होंगी। साथ ही तीन पार्कों का नवीनीकरण कर उन्हें भी संवारा जाएगा।
जानकीविहार में सड़क और नाली निर्माण पर जोर
शिलान्यास किए गए कार्यों में जानकीविहार मुख्य मार्ग पर सड़क, नाली और साइड पटरी का निर्माण शामिल है। इसके अलावा श्रीराम भवन मिश्रा के घर के सामने भी सड़क, नाली और साइड पटरी बनाई जाएगी। आयुष निगम के घर के सामने सड़क एवं नाली का निर्माण कराया जाएगा। जानकीविहार पार्क में रंगाई-पुताई, पाथवे निर्माण और बैठने के लिए बेंच लगाने का कार्य भी प्रस्तावित है।
सेक्टर-एफ के तीन पार्कों को मिलेगा नया स्वरूप
सेक्टर-एफ में प्रमोद यादव के घर के सामने स्थित पार्क का नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके साथ ही पुष्प वाटिका पार्क को भी संवारा जाएगा। वहीं, डी-2 की ओर स्थित अशोक वाटिका पार्क के चारों तरफ पेवर सड़क अथवा साइड पटरी के साथ नाली का निर्माण कराया जाएगा। इन विकास कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र की सड़क एवं जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ पार्कों में भी सुविधाएं बढ़ाने की योजना है।
