• विमेंस आर्मी ट्रस्ट ने रेवांता होटल में कराया आयोजन, घर से कारोबार करने वाली महिलाओं के लगाए निशुल्क स्टॉल
लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। सीतापुर रोड स्थित रेवांता होटल में बुधवार को विमेंस आर्मी ट्रस्ट की ओर से डांडिया और गरबा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मां की आराधना को समर्पित इस आयोजन में उत्सव के रंगों के साथ महिला सशक्तीकरण और स्वावलंबन का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में घर से अपना व्यवसाय संचालित कर रहीं महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उनके लिए निशुल्क स्टॉल लगाए गए। इसके माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पादों और हुनर को प्रदर्शित करने का अवसर मिला। आयोजन में लखनऊ की विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों ने भी सहभागिता कर सहयोग दिया। विमेंस आर्मी ट्रस्ट की मुख्य आयोजक रश्मि सिंह ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा तथा स्वावलंबन के लिए कार्य करना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। इसी उद्देश्य से महिला उद्यमियों को कार्यक्रम में आमंत्रित कर निशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए गए।

इस अवसर पर रश्मि सिंह, एकता खत्री, रचना सिंह, अलका रस्तोगी, आरती सरकार, उषा किरण, चंद्रप्रभा, मधुकीर्ति, मधुलिका त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

